नपा ने आधी रात जारी किए नोटिस, सफाईकर्मी बोले: अब नपाध्यक्ष व सीएमओ कर लें सफाई

नपा ने आधी रात जारी किए नोटिस, सफाईकर्मी बोले: अब नपाध्यक्ष व सीएमओ कर लें सफाई
सफाईकर्मियों की हड़ताल से शहर में चौतरफा लगे गंदगी के अम्बार, सफाईकर्मी मांगों पर अड़े
शिवपुरी। नगरपालिका शिवपुरी के सफाई कर्मचारियों की बीते 25 अगस्त से चल रही हड़ताल के बीच बीती रात कर्मचारियों को नोटिस जारी किए गए। जिसके जवाब में शनिवार को हड़ताली कर्मचारियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके दो टूक कहा कि हमने तो खुद को हटा हुआ मान लिया है, शहर की सफाई अब नपाध्यक्ष एवं सीएमओ कर लें।
नपा के सफाईकर्मियों की कामबंद हड़ताल के चलते शिवपुरी शहर के बाजार में चारों तरफ गंदगी के ढेर लगे हुए है। इस बीच जब कर्मचारी काम पर नहीं लौटे तो फिर बीती रात को नपा सीएमओ ने हड़ताली सफाईकर्मियों को नोटिस जारी कर दिया। यह बात आज सुबह जब हड़ताली कर्मचारियों को मालूम हुआ, तो उन्होंने देर दोपहर को प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कहा कि जब जगमोहन सेंगर, ऋषिका अष्ठाना एवं मुन्नालाल कुशवाह नपाध्यक्ष थे, तब भी बाल्मीकि समाज के लोगों की सफाईकर्मियों के रूप में भर्ती हुई थी। वर्तमान परिषद के दौरान 60 कर्मचारी हटा दिए गए तथा 40 सफाईकर्मी मृत हो गए, लेकिन उनकी जगह कोई भर्ती नहीं की गई। इतना ही नहीं सफाईकर्मियों का न तो नियमितीकरण एवं विनियमितीकरण किया गया। हड़ताली सफाईकर्मी बोले कि प्रदेश के सभी नगरपालिका एवं नगर परिषदों में भर्ती हो रही है, लेकिन शिवपुरी नगरपालिका में भर्ती की कोई प्रक्रिया नहीं की जा रही।
हड़ताली सफाईकर्मियों से जब आधी रात को जारी हुए नोटिस के संबंध में पूछा तो वे बोले कि हमें अभी तो नोटिस की जानकारी नहीं है। यदि नपा के जिम्मेदार दवाब की राजनीति करेंगे तो हमने तो खुद को नौकरी से हटा हुआ मान लिया है, अब नपाध्यक्ष व सीएमओ ही शहर में सफाई करें।
बरसात में दबा था, अब उड़ेगा कचरा:
शिवपुरी शहर के बाजार एवं कॉलोनी मोहल्लों में बिखरा कचरा उतना अधिक नजर इसलिए नहीं आ रहा था, क्योंकि लगातार हो रही बारिश की वजह से वो दबा हुआ था। अब जबकि मौसम खुल गया है, तो अब यह सड़कों पर चिपका कचरा सूखकर उड़ेगा, जिससे शहर और भी अधिक गंदा नजर आएगा।




















