भाई ने बहन की रक्षा का लिया संकल्प, लेकिन घर की सुरक्षा में लगी सेंध, 60 लाख की चोरी

भाई ने बहन की रक्षा का लिया संकल्प, लेकिन घर की सुरक्षा में लगी सेंध, 60 लाख की चोरी
मामा के घर आई थी सिद्धि, बिना हेलमेट स्कूटी लेकर निकली, डिवाइडर से टकराई, हुई मौत
शिवपुरी। रक्षाबंधन पर भाई की कलाई में रेशम की डोरी बांधने के बाद भाई ने बहन की रक्षा का संकल्प लिया, लेकिन बहन के घर की सुरक्षा में चोरों ने सेंध लगा दी। जब बहन अपने घर लौट कर आई तो चोर उनके घर से 60 लाख का माल लेकर चम्पत हो चुके थे। वहीं शिवपुरी शहर में सावरकर पार्क के सामने शनिवार की सुबह स्कूटी सवार सिद्धि डिवाइडर से टकरा गई, जिसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
हुआ दरअसल यह कि शिवपुरी शहर के फिजिकल क्षेत्र में दौलत सिंह के होटल के पीछे रहने वाले ठेकेदार मातादीन अग्रवाल बीते 28 अगस्त को अपनी पत्नी रश्मि अग्रवाल के साथ अपनी ससुराल कानपुर रक्षाबंधन का पर्व मनाने गए थे। इसी बीच उनके सूने घर को चोरों ने निशाना बनाते हुए तीन ताले तोड़कर उसमें रखा 27 तोला सोना, 4 किलो चांदी एवं 4 लाख रुपए नगदी पर हाथ साफ कर दिया। 29 अगस्त की रात को जब मातादीन एवं उनकी पत्नी रश्मि वापस लौटकर आए तो घर के टूटे ताले देखकर समझ गए कि चोर अपना काम कर गए। चोरों ने अग्रवाल के घर से 60 लाख की चोरी को अंजाम दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी।
मामा के घर आई सिद्धि ने भी छोड़ी दुनिया:
बीते शनिवार की सुबह 6:30 बजे 18 वर्षीय लड़की सिद्धि जैन बिना हेलमेट के स्कूटी लेकर निकली और सावरकर पार्क के सामने डिवाइडर से टकरा गई। सिद्धि के सिर सहित शरीर में गंभीर चोट आईं तथा उसे उपचार के लिए ग्वालियर रेफर किया गया, जहां सिद्धि ने दम तोड़ दिया। बताते हैं कि सिद्धि के सिर के गम्भीर चोट आई थी, जिसके चलते उसने दम तोड़ दिया। सिद्धि (18) पुत्री निश्छल उर्फ बबलू जैन निवासी भोपाल, शनिवार की सुबह 6 बजे बस से भोपाल से शिवपुरी अपने मामा के घर पर आई थी। उसके बाद मामा के घर से वो स्कूटी लेकर सुबह 6:30 बजे घूमने निकली, लेकिन सावरकर पार्क के सामने डिवाइडर से स्कूटी टकरा गई। इस हादसे में सिद्धि के सिर में इतनी गम्भीर चोट आई कि उसने दुनिया छोड़ दी। इसलिए ट्रैफिक पुलिस दुपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने की समझाइश देती है।




















