नपा परिषद की मंगलवार को होने वाली बैठक की जाए स्थगित, पार्षदों ने सौंपा ज्ञापन
नपा परिषद की मंगलवार को होने वाली बैठक की जाए स्थगित, पार्षदों ने सौंपा ज्ञापन
विवादित बिंदुओं को निपटाकर परिषद को फंसाने का आरोप, भ्रष्टाचार का बनाया एजेंडा
शिवपुरी। लंबे इंतजार के बाद मंगलवार को होने जा रही नगरपालिका परिषद शिवपुरी की बैठक को स्थगित कराए जाने के लिए सोमवार को पार्षदों ने डिप्टी कलेक्टर अनुराग निगवाल को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उल्लेख किया है परिषद का जो एजेंडा बनाया गया है, वो परिषद को फंसाने एवं विकास की जगह भ्रष्टाचार अधिक नजर आ रहा है।
पार्षद विजय बिंदास, ऋतु जैन, सरोज धाकड़ सहित 13 पार्षदों के हटाक्षरयुक्त ज्ञापन में उल्लेख किया है कि नपा परिषद के एजेंडे में शामिल बिंदुओं पर आपत्ति दर्ज कराई है। जिसमें पहले बिंदु पीएलसी स्काडा प्रणाली पर 1.91 करोड़ रुपए की भारी भरकम राशि खर्च की जा रही है, लेकिन उसका लाभ क्या मिलेगा, यह नहीं बताया। मशीनों एवं वाहनों की खरीदी क्यों की जा रही है, जबकि पूर्व में जो वाहन हैं, उनके मेंटेनेंस एवं डीजल खर्चे की जानकारी दी जाए। बस स्टेंड पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स सहित अन्य दुकानें बनाने में किसी को लाभ देने का प्रयास किया जा रहा है। मड़ीखेड़ा इंटेकबेल एवं फिल्टर प्लांट पर जनरेटर रखने की आवश्यकता क्यों है, तथा उनकी खरीदी की जानकारी सार्वजनिक की जाए। टेंट व्यवस्था पर 1 करोड़ रुपए की राशि खर्च क्यों की जा रही है?, तथा पीआईसी में किन कार्यों में परिषद की सहमति ली जा रही है, वो कौन से हैं, इसका भी स्पष्ट उल्लेख होना चाहिए।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया है कि नपा के जो मामले लोकायुक्त एवं अन्य संस्थाओं में लंबित हैं, उनको इसमें क्यों शामिल किया गया?। पार्षदों ने इस एजेंडे पर आपत्ति दर्ज कराते हुए परिषद की बैठक को स्थगित करने की मांग की है।




















