निर्माणाधीन ओवरब्रिज का साइड इफेक्ट: रेलवे गेट से सेंट चार्ल्स स्कूल तक का रास्ता खतरनाक

निर्माणाधीन ओवरब्रिज का साइड इफेक्ट: रेलवे गेट से सेंट चार्ल्स स्कूल तक का रास्ता खतरनाक
कीचड़युक्त गड्ढों में फंस रहे वाहन, ऑटो निकलने के लिए लगानी पड़ी जेसीबी, जोखिम भरा सफर
शिवपुरी। पोहरी रोड पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज आवागमन में पिछले लंबे समय से बाधा बना हुआ है, तथा इन दिनों यह रास्ता खतरनाक हो गया। कीचड़युक्त गड्ढों भरी इस सड़क में आए दिन छोटे वाहन फंस कर बंद हो रहे हैं, जबकि दुपहिया वाहन वाले जोखिम उठाकर इस 200 मीटर लंबी कष्टदायक सड़क को बमुश्किल पार कर पा रहे हैं।
शुक्रवार की सुबह पोहरी कॉलेज में पदस्थ प्रोफेसर आनंद मिश्रा ने SD News को फोन पर सूचना दी कि पोहरी रोड सड़क बेहद खस्ताहाल है तथा दो कार भी उसमें फंसी हुई हैं। जब हमने मौके पर जाकर देखा तो रेलवे फाटक के उस पार की सड़क से गुजरना किसी खतरनाक स्टंट से कम नहीं था। पुल की दोनों साइडों में सड़क के नाम पर गहरे चौड़े गड्ढे थे, जिसमें कीचड़युक्त पानी भरा होने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल था। किसी तरह निर्माणाधीन पुल के एक सिरे पर पहुंचकर दूसरी तरफ झाँका तो वहां बीच रोड पर एक ऑटो फंसा हुआ था, जिसे निकालने के लिए एक जेसीबी जोर लगा रही थी।
चूंकि सड़क के दोनों ओर आड़ी तिरछी नाली बना दी है, जिसके चलते कहीं सड़क इतनी सकरी हो गई कि एक यात्री बस भी बमुश्किल निकल पा रही है। नाली की वजह से बरसात के पानी की निकासी रुक जाने से वो सड़क पर ही इकठ्ठा होकर गड्डों में भर गया है। चूंकि अभी तक पुल के दोनों ओर सीसी सड़क का काम पूरा नहीं हुआ है, इसलिए यहां दोनों तरफ सड़क के नाम पर केवल कीचड़ और गड्ढे हैं। महत्वपूर्ण बात यह है कि इस रोड से होकर पोहरी, बैराड़, श्योपुर, मुरैना की यात्री बसों के अलावा तीन बड़े स्कूलों की बसें एवं ग्रामीण क्षेत्र के लोगों की आवाजाही का यह प्रमुख रास्ता है। सड़क इतनी बदहाल स्थिति में है कि कभी भी यहां कोई गंभीर हादसा घटित हो सकता है।




















