दो दिन में आईं तीन वीडियो, जिन्हें देखकर लगता है कि संसदीय क्षेत्र में सब कुछ ठीक नहीं

दो दिन में आईं तीन वीडियो, जिन्हें देखकर लगता है कि संसदीय क्षेत्र में सब कुछ ठीक नहीं
किसान ने माला पहनाने का दिया ताना, ममता ने राजशाही छोड़ने की दी नसीहत, तीसरी वीडियो में नाराज नजर आए केंद्रीय मंत्री
शिवपुरी से सैमुअल दास::
बीते दो दिन में तीन वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जिनमें से दो वीडियो में तो केंद्रीय मंत्री नजर आ रहे हैं, जबकि तीसरा वीडियो महिला भाजपा नेत्री ने जारी किया है। पहले वीडियो में एक किसान नेता माला पहनाने का ताना देता सुना गया, जबकि महिला नेत्री ने केंद्रीय मंत्री के राजशाही अंदाज पर तीखा तंज कसा है। हद तो तीसरे वीडियो में हो गई, जिसमें केंद्रीय मंत्री ग़ुस्सा होते नजर आ रहे हैं।
गुना-शिवपुरी सीट से सांसद एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने तीन दिवसीय दौरे पर गुना में हैं, तथा शुक्रवार को शिवपुरी से कुछ नेता उनसे मिलने गुना पहुंचे हैं। सोशल मीडिया के इस दौर में केंद्रीय मंत्री से जुड़े तीन वीडियो बीते दो दिन में सामने आए। जिसमें गुरुवार को पहला वीडियो एक किसान नेता का है, जो भीड़ में से जो बोला, उसका अर्थ यह है कि माला पहनाते हुए इतना समय गुजर गया, लेकिन हमारी समस्याएं दूर होने का नाम नहीं ले रहीं, हमारी कहीं सुनवाई नहीं है। किसान नेता की यह बात सांसद ने सुन ली तथा उसे चुप रहने की नसीहत दी।
गुरुवार की शाम को चाचौड़ा की भाजपा नेत्री ममता मीणा ने अपना एक वीडियो बनाकर वायरल किया, जिसमें ममता ने बताया कि केंद्रीय मंत्री सिंधिया चाचौड़ा में अमन मीणा के परिवार में श्रद्धांजलि देने आए थे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने अपनी चरण पादुकाएं अंदर जाकर मृतक के परिवारजनों के सामने उतार कर रखीं, जहां पर वो सभी लोग बैठे थे। ममता ने तो तल्ख लहजे में नसीहत देते हुए यहां तक कहा है कि यह राजशाही सोच अब खत्म कर दो तथा समाज से माफी मांगो। अभी इन वीडियो पर चर्चा चल हो रही थी कि एक तीसरा वीडियो गुना के गुलाबगंज का सामने आ गया। जिसमें एक ग्रामीण सड़क की समस्या का आवेदन केंद्रीय मंत्री को देते हुए यह कह रहा है कि हमारी यह समस्या दूर हो जाए, अन्यथा हम वोट नहीं देंगे। यह बात सुनते ही सिंधिया तमतमा गए, तथा बोले कि मुझसे इस तरह के अंदाज में बात मत किया करो, हमसे निवेदन करो, फिर ह्म देखेंगे कि उसमें क्या कर सकते हैं। यह तीसरा वीडियो न केवल सबसे अधिक वायरल हो गया, बल्कि उस पर डिबेट भी शुरू हो गई।
इन सभी वीडियो के क्या संकेत माने जाएं..?
पिछले दिनों केंद्रीय मंत्री ने शिवपुरी जिले में भी तीन दिवसीय दौरा किया, लेकिन यहां पर किसी से कोई ऐसी बात नहीं हुई। वहीं गुना के तीन दिवसीय दौरे के दूसरे दिन ही 3 बीडियो सामने आ गए। इससे पहले गुना विधायक पन्नालाल शाक्य ने भी तंज कसा था। प्रदेश की भाजपा में भी नई भाजपा एवं पुरानी भाजपा के बीच चल रही खींचतान को लेकर नेताओं में मतभेद पनप रहे हैं। लोकसभा चुनाव में सिंधिया को शिकस्त देने वाले डॉ. केपी यादव को भाजपा प्रदेश पदाधिकारी बनाया जाकर संसदीय क्षेत्र में शांत पड़ी राजनीतिक प्याली में तूफ़ान लाने का काम भी प्रदेश की राजधानी के नेताओं ने किया है। इन वीडियो के क्या मायने हो सकते हैं?, यदि आपको समझ आएं, तो कमेंट करके जरूर बताएं।




















