स्कूल में लॉग इन तो हुए शिक्षक, लॉग आउट में आई तकनीकी खराबी, घर कैसे जाएं मास्साब.?

शिक्षा विभाग में हर दिन बदल रहे आदेशों के बीच शिक्षकों की बढ़ी परेशानी, दूरदराज के शिक्षक-शिक्षिकाएं हो रहीं परेशान
शिवपुरी। शासकीय स्कूलों में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने के लिए किए जा रहे प्रयासों के क्रम में तकनीकी खामियों का दंश शिक्षक भुगत रहे हैं। गुरुवार को स्कूल पहुंचे शिक्षक ऑनलाइन उपस्थिति में लॉग इन तो हो गए, लेकिन शाम 4 बजे स्कूल से वापसी के दौरान लॉग आउट की प्रक्रिया में तकनीकी खराबी आ गई। शिक्षक साढ़े 5 व 6 बजे तक स्कूलों में रुके रहे, लेकिन इस दौरान शिक्षा विभाग के किसी भी जिम्मेदार ने कोई रास्ता बताने के लिए फोन रिसीव नहीं किए गए।
शासकीय स्कूलों में पदस्थ शिक्षकों को उनके कर्तव्य स्थल पर पहुंचाने के लिए वरिष्ठ अधिकारी नए प्रयोग कर रहे हैं। स्कूल में पहुंचकर शिक्षकों को ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने के लिए मोबाइल में स्कूल बिल्डिंग के साथ सेल्फी क्लिक के अलावा उपस्थिति एप में स्कूल जाने पर सुबह 10 बजे लॉग इन करने के बाद छुट्टी होने पर शाम 4 बजे लॉग आउट भी करना होता है। पहले शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति सुबह 11:45 बजे तक थी, जिसे बदलकर अब सुबह 10 बजे कर दी है, यानि शिक्षकों को अब सुबह 10 बजे स्कूल पहुंचकर लॉग इन करना है।
गुरुवार को शिक्षकों के मोबाइल में उपस्थिति एप में लॉग इन तो हो गया, लेकिन शाम 4 बजे लॉग आउट के समय एप में कोई तकनीकी खराबी आ जाने की वजह से शिक्षक स्कूलों में ही अटक कर रह गए। क्योंकि जब तक उनके एप में लॉग आउट नहीं होगा, तब तक उनकी उपस्थिति को पूर्ण नहीं माना जाएगा। इस फेर में कई शिक्षक शाम साढ़े 5 बजे से 6 बजे तक स्कूल में ही रुके रहे, तथा इस दौरान कई शिक्षकों ने डीईओ एवं अन्य जिम्मेदारों को फोन लगाए, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव करके इस तकनीकी खराबी से बाहर आने का रास्ता नहीं बताया।
शिक्षक कृष्ण बल्लभ मुदगल का कहना है कि कई महिला शिक्षक दूरदराज के स्कूलों में पदस्थ हैं, जो लॉग आउट न होने की वजह से स्कूल में रुकी रहीं, जो कहीं न कहीं गलत भी है।





















