जब नीचे वाले नहीं सुनते तो जान जोखिम में डालकर ऊंचाई पर चढ़कर बता रहे समस्या

भौंती के बनियापुरा में शासकीय रास्ता खुलवाने के लिए मोबाइल टॉवर पर चढ़े दो ग्रामीण
शिवपुरी। जिले की पानी की टंकी व मोबाइल टॉवर पिछले लंबे समय से व्यवस्था से परेशान लोगों की सुनवाई का सहारा बने हुए हैं। गुरुवार की सुबह भी पिछोर के भौंती थाना क्षेत्र के मजरा बनियापुरा में दो ग्रामीण मोबाइल टॉवर पर चढ़ गए। जिन्हें पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों द्वारा आश्वासन के बाद उतारा गया।
भौंती के मजरा बनियापुरा में आम रास्ते पर गांव के प्रभावशाली लोगों ने कब्जा कर लिया। स्थानीय लोगों ने उक्त रास्ता खुलवाने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को कई आवेदन दिए, लेकिन जब उनकी सुनवाई नहीं हुई तो बनियापुरा के दो ग्रामीण रामदास लोधी एवं रामनाथ लोधी मोबाइल टॉवर पर चढ़ गए। जब यह ग्रामीण टॉवर पर चढ़े तो उनके समर्थन में मजरे के अन्य लोग भी वहां इकट्ठे हो गए। क्योंकि दबंगों ने लगभग 25 परिवारों का आम रास्ता बंद के दिया। सूचना मिलने पर भौंती थाना पुलिस के अलावा प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाया तथा रास्ता खुलवाने का आश्वासन भी दिया। जिसके बाद दोनों ग्रामीण टॉवर से नीचे उतरे।
प्रशासनिक व्यवस्था पर उठे सवाल:
शिवपुरी में पानी की टंकी एवं मोबाइल टॉवरों पर चढ़ने एवं अपनी समस्या हल करवाने का चलन सा चल निकला है। आमजन अपनी जान को खतरे में तब डालता है, जब उसकी सुनवाई कहीं नहीं होती तथा वो सभी तरफ से जब निराश हो जाता है। यदि जिम्मेदार अधिकारी-कर्मचारी समय रहते परेशान लोगों की समस्या को दूर कर दें तो फिर उन्हें यह कदम उठाने पड़ते हैं।




















