शिवपुरी जिला मुख्यालय पर हावी भूमाफिया ने कब्जाई पुलिस विभाग के लिए आबंटित जमीन

फतेहपुर तिराहे पर पुलिस सहायता केंद्र के पास 9 हजार में से बची बमुश्किल 100 मीटर जमीन
एएसपी ने मंगवाई जानकारी तो सुनकर हतप्रभ हुए, तहसीलदार को पत्र लिखने के दिए निर्देश
शिवपुरी। जिले में भूमाफिया किस कदर हावी हैं, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जिला मुख्यालय पर पुलिस की जमीन पर ही कब्जा कर लिया। जब यह जानकारी एडिशनल एसपी को पता चली तो उन्होंने अधीनस्थों को निर्देश दिए कि तहसीलदार को पत्र लिखकर पुलिस की जमीन चिह्नित करवाई जाए।
शिवपुरी शहर के फतेहपुर तिराहे के पास जिस जगह पर पुलिस सहायता केंद्र बनाया गया है, उसके आसपास पुलिस विभाग की जमीन है। उक्त जमीन के पास भूमाफिया ने निजी जमीन को खरीदने के बाद पुलिस की जमीन का सौदा भी करना शुरू कर दिया। जब इस संबंध में एडिशनल एसपी आरडी प्रजापति से SD न्यूज ने सवाल किया तो उन्होंने अपने अधीनस्थ को बुलवाकर फतेहपुर वाली जगह के संबंध में जानकारी ली तो उन्हें बताया कि 3 वर्ग किमी जमीन है, यानि 9 हजार मीटर जमीन वहां पर पुलिस विभाग की है।
यह बात सुनते ही एएसपी श्री प्रजापति ने अधीनस्थ अमले को निर्देश दिए कि फतेहपुर क्षेत्र में स्थित पुलिस विभाग की जमीन का सीमांकन करवाया जाए। जमीन चिह्नित होंने के बाद उसकी सीमाओं पर पत्थर लगाकर सीमा तय की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी उक्त जमीन पर कब्जा न कर सके।
बोले एएसपी: करवा रहे हैं सीमांकन
फतेहपुर में सहायता केंद्र के पास जो जमीन पुलिस महकमे की है, उसका सीमांकन करवाने के निर्देश दिए हैं। उसकी सीमा चिन्हित करवाई जाएगी।
आरडी प्रजापति, एएसपी शिवपुरी




















