आदर्श सड़क कोर्ट रोड के गांधी चौ पर पटवा एवं प्रशासन के बीच चल रहा लुकाछिपी का खेल

शिवपुरी में दोहरी राजनीति: पार्क से बाहर निकले पटवा को किया अंदर, पीठ होते ही निकले बाहर
शिवपुरी। प्रयोगशाला बने शिवपुरी शहर में होने वाले सुधार कार्य इसलिए सफल नहीं हो पाते, क्योंकि यहां दोहरी राजनीति हो रही है। कोर्ट रोड को आदर्श सड़क बनाने की कवायद में गांधी चौक के पटवा फिर से अड़चन बनने लगे। बुधवार को ऐसा ही कुछ घटनाक्रम हुआ, जिसमें पार्क से बाहर निकले पटवाओं को प्रशासन ने वापस अंदर किया, लेकिन अधिकारियों की पीठ होते ही वो फिर से बाहर निकल आए।
एक स्लोगन है कि जो दिखता है वो बिकता है। गांधी चौक पर बरसों से दुकानें सजा रहे पटवाओ का भी यह कहना है कि हमें पार्क के अंदर प्रशासन ने बिठा दिया। उनकी अधिकांश दुकानदारी ग्रामीण उपभोक्ताओं से ही होती है, लेकिन जब उन्हें सड़क किनारे दुकानें नहीं दिखतीं तो वे किसी दूसरी जगह से सामान खरीद ले जाते हैं। जिस वजह से पार्क के अंदर छुपे बैठे पटवा दुकानदारों का रोजगार नहीं चल पा रहा। साथ ही उनका कहना है कि हमें हटाकर जो जगह पार्किंग के लिए खाली करवाई है, वहां पर ग्राहकों की गाड़ियां न खड़ी होकर कोर्ट रोड की दुकानों पर काम करने वाले कर्मचारियों की गाड़ियां पार्क होती हैं, जो अभी तक दुकानों के सामने खड़ी किया करते थे।
दोहरी राजनीति में अव्यवस्थित शहर:
केंद्रीय मंत्री का मानना है कि शिवपुरी शहर को व्यवस्थित किया जाए। जिसके परिपालन में प्रशासन व पुलिस काम भी कर रही है। भिन्न दूसरी ओर स्थानीय जनप्रतिनिधि उन स्टेप्स को गलत मान रहे हैं, जो शहर सुधार के लिए उठाए जा रहे हैं। उनका मानना है कि पहले वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, उसके बाद बदलाव करें। बस इसी दोहरी राजनीति में शिवपुरी शहर उलझा पडा है।




















