ठेले वालों से काटी गई नपा की रसीदों को बताया सही, सीएमओ ने खबरों को बताया भ्रामक

मामला शिवपुरी विधायक की मौजूदगी में ठेले वालों के पास मिलीं 1 हजार रुपए महीने की रसीदें
शिवपुरी। पिछले दिनों शिवपुरी के बाजार में ठेले वालों ने नगरपालिका की जो रसीदें दिखाईं थीं तथा विधायक ने एफआईआर के लिए पुलिस बुलाई थी, उन रसीदों को नपा सीएमओ ने सही बताते हुए खबरों को भ्रामक ठहराया। इस मामले में महत्वपूर्ण बात यह है कि स्वच्छता के नाम पर 60 रुपए महीना की जगह 1 हजार रुपए की वसूली को भी उचित ठहराया गया है।
गौरतलब है कि शहर विकास का खाका खींचने के लिए मंगलवार को विधायक देवेंद्र जैन एवं नपा सीएमओ यशवंत राठौर ने अपने अमले के साथ बाजार भ्रमण किया था। इस दौरान कोर्ट रोड पर ठेले वालों ने जब नगरपालिका की 1 हजार रुपए महीने के हिसाब से काटी जा रहीं रसीदों को दिखाया तो सीएमओ भी हतप्रभ रह गए थे। चूंकि नगरपालिका ने बाजार बैठक वसूली का ठेका नहीं किया है, तथा नपा कर्मचारियों द्वारा की जा रही वसूली की जानकारी सीएमओ राठौर को भी नहीं थी। आनन फानन में कोतवाली पुलिस को भी मौके पर बुला लिया गया था, ताकि इस अवैध वसूली के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा सके। इस पूरे घटनाक्रम के आधार पर समाचार पत्रों ने खबरें भी प्रकाशित की थीं।
गुरुवार को नपा सीएमओ ने एक प्रेस नोट जारी करते हुए बताया कि नगरपालिका द्वारा स्वच्छता के नाम पर यह वसूली की है, जो उचित है। क्योंकि ठेले वालों से 60 रुपए महीना है, जबकि नपा की जमीन पर अस्थाई दुकान लगाने वालों से 1 हजार रुपए लिए जाने का ठहराव परिषद की बैठक में लिया गया था। यानि नपा द्वारा की गई वसूली सही है, तथा उस संबंध में छापी गईं खबरें बेबुनियाद व भ्रामक हैं।




















