शराब दुकानों की सुरक्षा में पुलिस हुई अलर्ट, रात में निकाला फ्लैगमार्च, कुटवारा के 13 गिरफ्तार
शराब दुकानों की सुरक्षा में पुलिस हुई अलर्ट, रात में निकाला फ्लैगमार्च, कुटवारा के 13 गिरफ्तार
जिलाबदर आरोपी गिरफ्तार, दुर्घटना में एक की मौत, मैराथन के दौरान हुई मारपीट, कब्रिस्तान के पास से अतिक्रमण हटाया
शिवपुरी जिले की प्रमुख खबरे::
शराब दुकानों की सुरक्षा में पुलिस की सख्ती:
शिवपुरी जिले में पिछले एक सप्ताह से हो रही शराब दुकानों में तोड़फोड़ एवं पुलिस पर हमले के बाद अब खाकी एक्शन मोड में आ गई। कोलारस के लुकवासा में शराब दुकान पर इकट्ठी हुई भीड़ को पुलिस ने सख्ती के साथ नियंत्रित कर लिया। इसके अलावा लुकवासा एवं कोलारस में रात को पुलिस ने फ्लैगमार्च निकाला तथा इंदार थाना पुलिस ने कुटवारा के 20 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने के साथ ही 13 लोगों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। हर दिन लुट रहीं शराब की दुकानों के अलावा पुलिस की हुई पिटाई ने जिले ही नहीं प्रदेश में खाकी को पावरलेस साबित कर दिया था, शायद यही वजह है कि पुलिस अब एक्शन मोड में आ गई।
जिलाबदर आरोपी को रैप के मामले में दबोचा:
शिवपुरी जिले के सतनबाड़ा क्षेत्र में रहने वाले अकरम शाह को जुलाई में शिवपुरी के एक होटल से रैप के मामले में पकड़ा था। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जिलाबदर किया था। अकरम ने जिलाबदर रहते हुए देहात थाना क्षेत्र में एक नाबालिग को बहला फुसला कर उसके साथ भी रैप किया। देहात थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
बाइक में मारी टक्कर, 1 की मौत, दो जख्मी:
जिले की लुकवासा चौकी अंतर्गत बायपास रोड पर शनिवार की शाम को एक बाइक में पीछे से कार ने जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें बाइक सवार भूरा उर्फ चंद्रभान यादव की मौत हो गई, जबकि उसके साथी सवार मुकेश शर्मा एवं रामकुमार शर्मा निवासी सांडर बदरवास, के फैक्चर हुआ है। टक्कर के बाद कार मौके से भाग गई, जबकि कार की नंबर प्लेट टूटकर गिर गई।
मेराथन दौड़ के दौरान हुई मारपीट:
भाजपा जिला उपाध्यक्ष गोपाल पाल के जन्मदिन पर शनिवार को करेरा के लोटनपुरा स्टेडियम में मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। जिसमें दो पक्षों के बीच विवाद के बाद जमकर मारपीट हो गई, जिसके वीडियो वायरल हो गए।
कब्रिस्तान के पास से हटाया अतिक्रमण:
शिवपुरी शहर के देहात थाना क्षेत्र में कब्रिस्तान के पास किया गया अतिक्रमण रविवार को फॉरेस्ट, पुलिस एवं आबकारी की संयुक्त टीम ने हटवाया। यहां पर 8-10 झोपड़ियां बनाकर कब्जा किया गया था। जिसे जेसीबी से तोड़ने के दौरान उसमें बड़ी मात्रा में कच्ची शराब भी टीम ने जब्त की है। यानि जिला मुख्यालय पर ही कच्ची शराब का कारोबार चल रहा था।




















