शहर में ईंटों से भरे ट्रक ने मजदूर के पैर को कुचला, ट्रैफिक की अवैध वसूली हुई उजागर

मिर्ची चुराने वाला चोर निकला स्मैक का आदी, मनियर में स्मैक बेचने वाले का बताया नाम
शिवपुरी। शहर में नो एंट्री के बावजूद भारी वाहनों का प्रवेश अवैध वसूली की दम पर जारी है, तथा इस बात को प्रमाणित करने के लिए एक मजदूर को पैर कुचलवाना पड़ा। इतना ही नहीं शहर में स्मैक का नशा करने वाले दिनदहाड़े न केवल चोरी कर रहे हैं, बल्कि स्मैक बेचने वालों के नाम भी उजागर कर रहे हैं। अब देखना यह है कि इन दोनों मामलों में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी क्या एक्शन लेते हैं।
फतेहपुर क्षेत्र में मजदूर के पैर पर चढ़ा ट्रक:
शिवपुरी शहर के फतेहपुर क्षेत्र में पुलिस चौकी के सामने रविवार की सुबह ईंटों से भरे ट्रक पर एक मजदूर राजेंद्र आदिवासी ने चढ़ने का प्रयास किया। इस दौरान उसका पैर फिसलने से वो गिर गया तथा उसके पैर पर ट्रक का पहिया चढ़ जाने से उसका पैर बुरी तरह से कुचल गया। घायल मजदूर को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। इस घटना ने इस बात को उजागर कर दिया कि शिवपुरी शहर में ईंट, बजरी व गिट्टी से भरे ट्रक व डंपर बेरोकटोक घूम रहे हैं, तथा इन पर रोक लगाने की जिम्मेदारी जिन ट्रैफिकर्मियों की है, वो वसूली करके इन्हें शहर में प्रवेश करवाकर आमजन की जान से खिलवाड़ करने की छूट दे रहे हैं।
चक्की वाले में पकड़ा स्मैकची:
शिवपुरी शहर के नवाब साहब रोड पर स्थित लखन कुशवाह की मसाला पीसने की चक्की है। जहां से दो दिन पूर्व 3 किलो खड़ी मिर्ची कोई चुरा ले गया था। सीसीटीवी कैमरे में जो चोर मिर्ची का कट्टा ले जाते हुए नजर आया, वो रविवार को फिर से चक्की के पास से निकला तो लखन ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम शिवम बताया, जबकि उसका असली नाम अनिल उर्फ गोलू व्यास है, जो स्मैक के नशे का आदी है। उसने न केवल नशे के लिए चोरी करना स्वीकार किया, बल्कि मनियर में स्मैक बेचने वाले मनोज कुचमूंदीया का नाम भी बताया। इस घटना ने एक बार फिर उजागर कर दिया कि नशेड़ी शहर में दिनदहाड़े चोरी कर रहे हैं, जबकि वो स्मैक बेचने वालों के नाम भी उजागर कर रहे हैं। कोतवाली की कमान संभालने वाले पुनीत बाजपेयी ऐसे नशे के सौदागरों के खिलाफ क्या कार्रवाई करते हैं, यह आगे पता चलेगा।




















