विपक्ष के आरोपों गलत ठहराने भाजपा ने शुरू किया अभियान, नेताओं को कोई दिलचस्पी नहीं

भाजपा विधायक के अलावा कई मंडल अध्यक्ष रहे नदारद, लगातार अभियान चलने से थकान
शिवपुरी। देश की राजनीति में विपक्ष लगातार सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके लिए भाजपा ने अपने नेताओं को ट्रेनिंग के लिए 22 अक्टूबर से अभियान शुरू किया। महत्वपूर्ण बात यह है कि विपक्ष का जवाब देने का प्रशिक्षण देने आए भाजपा के शिवपुरी प्रभारी नंदकिशोर नापित भी उस समय निराश हो गए जब चारों विधायक के अलावा मंडल अध्यक्ष व अधिकांश कार्यक्रम संयोजक नदारद रहे।
बीते 22 अक्टूबर को आयोजित प्रशिक्षण बैठक में शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन, कोलारस महेंद्र यादव, पिछोर प्रीतम लोधी एवं करेरा के रमश खटीक के अलावा पोहरी से हारे सुरेश राठखेड़ा भी उसमें शामिल नहीं हुए। इतना हो नहीं, जिले के 29 मंडल अध्यक्षों में से 8 एवं 3 कार्यक्रम संयोजक भी नदारद रहे। जनता के बीच पार्टी को सही तथा विपक्ष को गलत ठहराने के लिए 5 नवंबर तक अभियान चलाना है। इसके लिए बकायदा केंद्र से पूरा कार्यक्रम बनाकर दिया गया है, तथा 93 अलग-अलग तरह के नारे भी लिखकर दिए गए हैं।
शायद इसलिए नहीं दिखा रहे दिलचस्पी:
जिले की 5 में से 4 विधानसभा में भाजपा के विधायक हैं, जो अपने निजी कार्यों में अधिक व्यस्त हैं। चूंकि वो जनता के कामों को करवाने में कोई दिलचस्पी नहीं ले रहे या फिर उनकी उतनी चल नहीं पा रही, इसलिए वो इतनी हिम्मत भी नहीं जुटा पा रहे कि केंद्र सरकार की तरफ से सफाई दे सकें। शायद वो स्वयं भी जानते हैं कि जो आरोप विपक्ष लगा रहा है, वो काफी हद तक सच हैं, जिन्हें देश की जनता भी जान चुकी है, इसलिए उन्होंने अभियान से दूरी बनाना ही उचित समझा।
लगातार अभियानों से थकान भी:
जब हमने कुछ भाजपा नेताओं से बात की तो उनका कहना था कि अभी सेवा संकल्प अभियान खत्म होने के बाद उसकी थकान उतार भी नहीं पाए थे कि अब नया अभियान शुरू के दिया गया। नेताओं की अपनी भी पर्सनल जिंदगी होती है। शायद यह वजह भी रही कि भाजपा नेता इसमें कोई दिलचस्पी नहीं ले रहे।




















