सावधान! पाम पार्क के सामने सड़क पर हुआ , दुपहिया वाहन गिरेंगे, 4पहिया टूटेंगे
पानी की निकासी न होने से डामर सड़क हुई गड्ढों में तब्दील, जिम्मेदार मौन, आने वाले हैं महाराज
शिवपुरी। यूं तो इस शहर में बदहाल सड़कों का दंश जनता बरसों से भुगत रही है, लेकिन अब पाम पार्क के सामने एक बड़ा खतरा मंडरा रहा है। बारिश के पानी की निकासी न होने की वजह से न केवल गहरे गड्ढे हो गए, बल्कि पूरी सड़क ही उखड़ गई। महत्वपूर्ण बात यह है कि जिला मुख्यालय पर ही हाइवे को जोड़ने वाली सड़क इतनी खतरनाक हो गई, फिर भी जिम्मेदार मौन हैं, तथा दो दिन बाद इसी सड़क से महराज भी आने वाले हैं।
शिवपुरी मेडिकल कॉलेज के सामने बनाए गए पाम पार्क के सामने से ही आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग को जोड़ने वाला हाइवे गुजरा है। इस रोड से होकर शिवपुरी शहर में प्रवेश किया जाता है, लेकिन पाम पार्क के सामने वाली सड़क पर जलभराव होने से गहरे गड्ढे हो गए। पाम पार्क में जिस जगह राजमाता सिंधिया की प्रतिमा स्थापित है, उनके ठीक सामने सड़क पर जलभराव के बीच गहरा गड्ढा नजर नहीं आने से चारपहिया वाहनों में जोरदार झटका लग रहा है।
पाम पार्क के सामने की सड़क पर न केवल गहरे गड्ढे हो गए, बल्कि पूरी सड़क ही उखड़ गई। जिसके चलते अब इस रोड से निकलना किसी बड़े खतरे से कम नहीं है। शिवपुरी जिला मुख्यालय की मुख्य सड़क पर इतने खतरनाक गड्ढे होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौन साधे हुए हैं। जबकि आगामी 31 अगस्त को इसी रोड से होकर केंद्रीय मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया का शिवपुरी आगमन होने वाला है।




















