साल पहले भरी थी माफियाराज के खिलाफ हुंकार: पहले राशन, अब भूमाफिया की कही बात

साल पहले भरी थी माफियाराज के खिलाफ हुंकार: पहले राशन, अब भूमाफिया की कही बात
गांधी का गुलदस्ता एपीसोड भी चर्चा में, तो क्या अभी तक भूमाफिया को था राजनीतिक संरक्षण?
शिवपुरी। दो साल पहले चुनाव जीतने के बाद जिन्होंने यह हुंकार भरी थी कि मेरे संसदीय क्षेत्र में माफियाराज नहीं चलेगा, आज वो ही पहले राशन माफिया और अब भूमाफिया के खिलाफ कार्यवाही करने के निर्देश प्रशासन को दे रहे हैं। तो फिर क्या मानें कि दो साल पहले माफियाराज को जो चेतावनी दी थी, उस पर अंकुश नहीं लग पाया?, क्या राजनीतिक संरक्षण में भूमाफिया पनप रहे हैं?। महत्वपूर्ण बात यह है कि कलेक्ट्रेट में गांधी का गुलदस्ता एपीसोड भी चर्चा में रहा।
गौरतलब है कि वर्ष 2024 में लोकसभा चुनाव जीतने के बाद गुना-शिवपुरी संसदीय क्षेत्र से भाजपा के सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कोलारस में आयोजित कार्यक्रम में दो टूक कहा था कि मेरे क्षेत्र में माफियाराज नहीं चलेगा। उनकी इस एलानिया चेतावनी के बाद ऐसा लग रहा था कि अब शिवपुरी जिले में भी माफियाराज खत्म हो जाएगा, क्योंकि यह जिला भी उनके संसदीय क्षेत्र में आता है। गुजरे दो वर्षों में शायद स्थानीय प्रशासन ने उनकी इस हुंकार पर ध्यान नहीं दिया, शायद इसीलिए पिछले दौरे में सांसद सिंधिया को कोलारस दौरे में राशन माफिया की शिकायत मिली थी। उसके बाद जब केंद्रीय मंत्री ने मंच से राशन माफिया के खिलाफ कार्यवाही करने के निर्देश दिए तो जनता की तरफ से आँख-कान बंद करके बैठा प्रशासन सक्रिय हुआ तथा राशन माफिया के खिलाफ न केवल एफआईआर दर्ज की, बल्कि एक सेल्समैन की बिना छत वाली टपरिया पर बुलडोजर चला दिया।
अब भूमाफिया पर नकेल कसने के निर्देश:
बीते शनिवार को कलेक्ट्रेट में दिशा की बैठक में समीक्षा करने के बाद मीडिया से रूबरू हुए केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि अब भूमाफिया के खिलाफ कार्यवाही होगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कोई भूमाफिया मेरा भी नजदीकी है, तो उसे बख्शा नहीं जाए। तो फिर क्या मानें कि अभी तक माफियाराज राजनीतिक संरक्षण में ही पनपता रहा?। इन दो मामलों ने यह स्पष्ट कर दिया कि शिवपुरी में माफियाराज हावी है, तथा कार्यवाही करने के लिए प्रशासन भी केंद्रीय मंत्री के निर्देश का इंतजार करता है। अब देखना दिलचस्प होगा कि भूमाफिया पर क्या कार्रवाई होती है..?
कलेक्ट्रेट में गुलदस्ता लेकर दिखे गांधी:
बीते शनिवार की शाम को कलेक्ट्रेट में जब केंद्रीय मंत्री बैठक लेने के लिए आने वाले थे, उस समय पेट्रोल पंप एसोसिएशन के अध्यक्ष समीर गांधी गुलदस्ता लेकर खड़े नजर आए। चूंकि इससे पहले गांधी कभी कलेक्ट्रेट में इस तरह गुलदस्ता लेकर नहीं दिखे, तथा पिछले दिनों उनके झांसी तिराहे पर स्थित पेट्रोल पंप की जमीन खाली करने के आदेश हाईकोर्ट ग्वालियर ने दिए हैं।




















