पूर्व सरपंच के घर पर खोए 4 लाख के जेवर वर्कशॉप संचालक ने ढूंढ निकाले, किए वापस

दीवाली का गिरा बैनर तो लात-घूंसों का मिला ऑफर, बदरवास में मौसम का बदला मिजाज
शिवपुरी। जिले की ग्राम पंचायत ककरौआ ठूनी के पूर्व सरपंच रामकृष्ण लोधी के घर से 4 लाख रुपए के जेवर गायब हो गए थे। जेवर न मिलने से परेशान पूर्व सरपंच के परिवार की खुशी का ठिकाना उस समय नहीं रहा, जब एक वर्कशॉप संचालक ने उन्हें यह जेवर ढूंढकर दे दिए।
हुआ दरअसल यह कि पूर्व सरपंच का थ्रेशर भौंती के रौनक इंटरप्राइजेज वर्कशॉप पर आया था। वर्कशॉप संचालक गोपाल झा ने जब थ्रेशर की सफाई की तो उसमें उन्हें एक स्टील का डिब्बा मिला, जिसे खोलकर देखने पर उसमें सोने-चांदी के जेवर रखे मिले। गोपाल ने थ्रेशर में जेवर मिलने की सूचना तत्काल पूर्व सरपंच को दी, तो लोधी परिवार ने भी गोपाल की ईमानदारी की प्रशंसा करने में कंजूसी नहीं की। बताते हैं कि रामकृष्ण लोधी के परिवार के लोग थ्रेशर में जेवर का डिब्बा रखकर भूल गए थे।
दीवाली ऑफर का बैनर गिरा, चले लात-घूंसे:
शिवपुरी बायपास के ग्वालियर नाके पर रविवार की सुबह दो पक्षों में जमकर लात घूंसे चलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। जिसमें पेट्रोल पंप संचालक नीतेश जैन एवं ईबी शोरूम संचालक अनिकेत प्रताप सिंह परमार के बीच मारपीट हुई। यह लड़ाई दीवाली ओफर का बेनर लगाने व गिराने की वजह से हुई है। कोतवाली पुलिस ने नीतेश की रिपोर्ट पर अनिकेत सहित तीन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली, जबकि दूसरे पक्ष की भी शिकायत ले ली है।
बदरवास में आंधी-बारिश के बीच ओलावृष्टि:
मौसम विभाग की भविष्यवाणी शिवपुरी जिले के बदरवास में रविवार की शाम पूरी हुई। आज शाम बदरवास में मौसम ने एकाएक करवट बदली तथा तेज आंधी के साथ बारिश एवं ग्राम घुरवार में ओलावृष्टि हुई तथा आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान झुलस गया।




















