पोहरी विधायक उठा रहे विधानसभा में मुद्दे, क्षेत्र में गड़बड़ियों का अंबार, खाद की 3 दुकानें सील

पोहरी विधायक उठा रहे विधानसभा में मुद्दे, क्षेत्र में गड़बड़ियों का अंबार, खाद की 3 दुकानें सील
कलेक्टर के दौरे में मिला था घटिया सड़क निर्माण, शासकीय स्कूल की जमीन पर था कब्जा
शिवपुरी। जिले की पांचों विधानसभा में से एकमात्र पोहरी से कांग्रेस के विधायक हैं, जो हर बार विधानसभा में अपने क्षेत्र के अलावा पूरे जिले के मुद्दे पुरजोर तरीके से उठाते हैं। वहीं दूसरी ओर उनके विधानसभा क्षेत्र में ही बैंड बजी पड़ी है। पोहरी विस के बैराड़ क्षेत्र में बुधवार को उर्वरक की तीन दुकानों को अनियमितताओं के चलते सील कर दिया गया। महत्वपूर्ण बात यह है कि एक दिन पूर्व ही कलेक्टर ने भी पोहरी विस में बन रही घटिया सड़क निर्माण को देख ठेकेदार को नोटिस दिलवाया, तथा सरकारी स्कूल की जमीन से कब्जा हटाने के निर्देश दिए थे।
उर्वरक वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा अनियमितताओं पर प्रभावी रोकथाम लगाने के उद्देश्य से कृषि विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। विकासखंड पोहरी अंतर्गत बैराड़ में उर्वरक वितरण प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया, जहां नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तीन प्रमुख दुकानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। निरीक्षण के दौरान कान्हा एग्रो एजेंसी बैराड़, कान्हा ट्रेडर्स बैराड़ एवं त्यागी बीज भंडार बैराड़ की दुकानों की गहन जांच की गई। जांच में उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985, बीज अधिनियम तथा कीटनाशक अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन पाया गया। अनियमितताएं उजागर होने पर प्रशासन एवं कृषि विभाग के दल द्वारा तीनों दुकानों को मौके पर ही सील करने की कार्रवाई की गई। इस दौरान उप संचालक कृषि मुनेश कुमार शाक्य, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी एमके दनेलिया सहित विभाग के अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
विपक्षी विधायक के क्षेत्र में कौन कर रहा गड़बड़?
पोहरी से कांग्रेस विधायक कैलाश कुशवाह के क्षेत्र में आखिरकार कौन है?, जो गड़बड़ी कर रहा है। सड़क निर्माण में घटिया सामग्री, सरकारी स्कूल की जमीन पर कब्जा, और अब किसानों के साथ धोखाधडी, यह सभी मुद्दे गंभीर हैं। हालांकि विधायक केवल जमीनों का काम करते हैं, बाकी से तो उन्हें ज्यादा कोई लेना देना नहीं है।




















