नशे में इतने हो रहे हिंसक कि हंसिया से दो भाइयों पर किया जानलेवा हमला, भीड़ ने बांधा
नशे में इतने हो रहे हिंसक कि हंसिया से दो भाइयों पर किया जानलेवा हमला, भीड़ ने बांधा
ओबीसी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उलझे शिवपुरी विधायक से, कांग्रेस ने बिजली दफ्तर पर किया प्रदर्शन
शिवपुरी। शहर सहित जिले भर में नशा तेजी से फैल रहा है, लेकिन अब नशा करने वाले जानलेवा हमला करने को भीड़भाड़ इलाके में घूम रहे हैं, जो चिंता का विषय है। बीते बुधवार की रात कोर्ट रोड पर ऐसे ही एक हमलावर को भीड़ ने पकड़ के बांध दिया। वहीं गुरुवार को कलेक्ट्रेट पर ओबीसी महासभा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं शिवपुरी विधायक के बीच तीखी कहासुनी हो गई।
दुर्गा टॉकीज के सामने किया हमले का प्रयास:
बीते बुधवार की रात लगभग 8 बजे नीरज शर्मा अपने भाई के साथ जब कोर्ट रोड पर दुर्गा टॉकीज के पास खड़े थे, तभी उनके पास एक बाइक रुकी। बाइक पर सवार एक युवक नशे की हालत में हाथ में हंसिया लेकर आया और दोनों भाइयों पर हमला करने का प्रयास किया। नीरज ने समय रहते खुद को बचाकर युवक को पकड़ लिया। इस दौरान मौजूद भीड़ ने भी युवक को पकड़कर उसके हाथ से हंसिया छीना तथा उसे कपड़े से बांध लिया, एवं कोतवाली पुलिस को सूचना दी। हमलावर युवक दीपक नामदेव कृष्णपुरम कॉलोनी का रहने वाला बताया जाता है। उसने हमला क्यों किया, यह पुलिस पता करने का प्रयास कर रही है।
विधायक ने पूछा: मैं गधा हूं, उसने कहा हां:
ओबीसी महासभा ने आज आरक्षण को लेकर कलेक्ट्रेट में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान शिवपुरी शहर के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में शामिल होने पहुंचे शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन को ओबीसी महासभा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भंवर सिंह धाकड़ ने रोक लिया। बातचीत के दौरान विधायक से जब भंवर सिंह ने बताया कि मैं ग्रेजुएट हूं तो विधायक ने उल्टा सवाल पूछा कि मैं क्या गधा हूं? तो भंवर सिंह ने सहमति जताते हुए हां कह दिया। यह बात सुनकर वहां मौजूद लोग तालियां बजाने लगे तथा विधायक चले गए।
बिजली कटौती के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन:
शिवपुरी जिला मुख्यालय सहित अंचल में हो रही अघोषित बिजली कटौती के खिलाफ आज देर दोपहर कांग्रेस ने बिजली कंपनी के बाणगंगा स्थित महाप्रबंधक ऑफिस के बाहर धरना प्रदर्शन किया। ज्ञात रहे कि इस प्रदर्शन से एक दिन पूर्व पोहरी विधायक कैलाश कुशवाह जब महाप्रबंधक के ऑफिस गए थे, तो उस दौरान महाप्रबंधक ने विपक्षी विधायक के लिए अपनी कुर्सी छोड़ दी थी, तो विधायक उनकी कुर्सी पर जा बैठे थे। यह मामला भी बुधवार की देर शाम से तूल पकड़े हुआ है।




















