मेरे विरोधी डाक बंगला पर महिलाओं को भेजते हैं मुझे पटाने को, 376 लगवाने का कर रहे प्रयास

खनियाधाना में अहिल्याबाई की प्रतिमा को तोड़े जाने के विरोध में पाल समाज की आक्रोश सभा में बोले पिछोर विधायक
शिवपुरी। जिले के पिछोर विधायक प्रीतम लोधी ने गुरुवार को खनियाधाना में आयोजित पाल समाज के आक्रोश आंदोलन के मंच से कुछ ऐसा कहा, जो फिर विवादित हो सकता है। विधायक प्रीतम ने कहा कि पिछोर के डाक बंगला में हमारे विरोधी महिलाओं को मुझे पटाने के लिए भेजते हैं। इतना ही नहीं मुझे 376 में उलझाने का प्रयास भी कर रहे हैं।
खनियांधाना में स्थित अहिल्याबाई देवी की मूर्ति के क्षतिग्रस्त होने पर पाल बघेल समाज के आक्रोश आंदोलन में मंच को 20 अगस्त को संबोधित कर रहे थे। महिला शक्ति के मंच से महिलाओं के लिए जो विचार व्यक्त किए, वो भी कम चौंकाने वाला नहीं है। विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने मंच से भाषण देते हुए कहा कि महिलाएं पिछोर रेस्ट हाउस पर मुझे पटाने के लिए आती हैं। उन्होंने कहा कि डाक बंगला पर महिलाओं को भेजकर मुझसे जबरन बात करवाते हैं, ताकि मैं कुछ बोल दूं, इस दौरान एक शख्स वीडियो भी बनाता है। पिछोर विधायक ने यह साजिश अपने विरोधियों की बताते हुए कहा कि वो तो चाहते हैं कि मुझ पर 376 लगवा कर मुझे फंसा दें।




















