लगातार हो रही बारिश के चलते सभी स्कूलों में शनिवार का अवकाश, मड़ीखेड़ा डैम के खुले गेट

लगातार हो रही बारिश के चलते सभी स्कूलों में शनिवार का अवकाश, मड़ीखेड़ा डैम के खुले गेट
शहर के सभी नालों की सीवरयुक्त गंदगी पहुंची चांदपाठा झील में, 24 घंटे से हो रही बारिश
शिवपुरी। पिछले 24 घंटे से हो रही लगातार बारिश से शिवपुरी जिले के नदी नाले उफान पर आ गए। जिसके चलते शुक्रवार की शाम जिला शिक्षा अधिकारी आकाश यादव ने जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों में शनिवार की छुट्टी घोषित कर दी। उधर आज शाम 4 बजे मड़ीखेड़ा डैम के भी चार गेट खोल कर पानी रिलीज किया गया। महत्वपूर्ण बात यह है कि लगातार हो रही बारिश के चलते शिवपुरी शहर के सभी नाले साफ हो गए तथा उसमें जमा सीवरयुक्त गंदगी भी कर्बला होते हुए चांदपाठा झील में पहुंच गई।
गौरतलब है कि बीते गुरुवार की सुबह से शुरू हुई बारिश पूरे दिन और रात के बाद शुक्रवार को भी दिन भर होती रही। लगातार हो रही बारिश के चलते शिवपुरी शहर के निचले इलाकों में जलभराव होने से स्थिति गम्भीर हो गई। वहीं शहर के नालों में जमा सीवर की गंदगी भी पानी के तेज बहाव के साथ जाधव सागर से होते हुए कर्बला के रास्ते से सांख्य सागर ( चांदपाठा) झील में पहुंच गई। लगातार हो रही बारिश के चलते नाले भी अब पूरी तरह साफ हो गए, तथा नालों के किनारे रहने वाले परिवारों एवं दुकानदारों को भी गंदगी से उठने वाली दुर्गंध से कुछ समय के लिए राहत मिलेगी।
एक मीटर खाली डैम के खोले गेट:
शिवपुरी शहर सहित जिले में लगातार हो रही बारिश का असर मड़ीखेड़ा डैम पर नहीं पड़ता, लेकिन डैम के केचमेंट एरिया में भी हो रही बारिश के चलते डैम में पानी का फ्लो तेज आने पर डैम के 4 गेटों को आज शाम चार बजे खोल दिया गया। हालांकि अभी डैम का फुल लेबल होने में 1.15 मीटर कम है। जब डैम का लेबल 345.10 मीटर हुआ, तभी गेट खोल दिए गए, जबकि उसका फुल लेबल 346.25 मीटर है।




















