एबी रोड पर पड़ौरा पुल के नीचे एनएचएआई बना रहा भविष्य के लिए खतरनाक ब्लैक स्पॉट

एबी रोड पर पड़ौरा पुल के नीचे एनएचएआई बना रहा भविष्य के लिए खतरनाक ब्लैक स्पॉट
हाइवे की सड़क पर ऐसा कर्व कभी नहीं देखा: भाजपा उपाध्यक्ष, ट्रक ड्राइवर बोला: गम्भीर हादसा होना तय
शिवपुरी। प्रदेश का शिवपुरी एकमात्र ऐसा जिला है, जिसमें इतने अधिक प्रयोग हुए कि अब यह प्रयोगशाला नजर आने लगा। इसी क्रम में एबी रोड पर पड़ोरा पुल के नीचे एक गोल आकृति बनाने के लिए दोनों तरफ आधी सड़क पर निर्माण कर रहे हैं। इसे भविष्य में खतरनाक हादसों का कारण भाजपा नेता के अलावा ट्रक ड्राइवर भी बता रहे हैं, जबकि एनएचएआई के जिम्मेदार इसे ब्लैक स्पॉट खत्म करने की नई प्लानिंग बता रहे हैं। इसे एक बार जिला कलेक्टर को भी देखना चाहिए, क्योंकि हमारा शिवपुरी जिला दूसरे राज्यों के परिवारों के लिए गम्भीर दुर्घटनाओं का गवाह पहले ही बनता आ रहा है।
मंगलवार की दोपहर भाजपा जिला उपाध्यक्ष हेमंत ओझा भोपाल जाने के लिए पडोरा पुल से निकले तो उन्होंने इस खतरनाक कर्व को देखकर मुझे फोटो भेजकर मुझसे कहा कि मैं तो देश दुनिया में घूम आया, लेकिन हाइवे पर ऐसा प्रयोग कहीं नहीं देखा। यह तो गंभीर हादसे का कारण बनेगा। मौके ओर जाकर देखा तो हाइवे पर बन रही इस डिजाइन पर पटेल चौक का बोर्ड लगा था। तो फिर पटेल एंड संस के भूपेंद्र रावत से भी बात की, तो पहली बार में उन्होंने भी कहा कि इस डिजाइन को देखकर मुझे भी कुछ अजीब सा लगा, तो मैने भी हाइवे अथॉरिटी से बात करने पर उन्होंने बताया कि यह डिजाइन बनने के बाद बहुत आकर्षक लगेगा।
SD News ने जब मौके पर जाकर देखा, तो वहां से निकल रहे ट्रैफिक को देखकर स्पष्ट नजर आ रहा था कि यह खतरनाक डिजाइन है। एक कार ड्राइवर ने भी कहा कि इस कर्व पर हादसे होना तय है। वहीं ट्रक चालक विक्रम रावत का कहना है कि वाहन को ओवरटेक करते समय अंदर की तरफ जाने वाला इससे टकराना तय है, तथा गम्भीर हादसे होना तय है।
जिम्मेदार बोले: ब्लैक स्पॉट खत्म कर रहे
एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर अविनाश पंचोतिया का कहना है कि पड़ोरा चौक पर ब्लैक स्पॉट होने की वजह से तह रफ्तार वाहन टकराते थे। उसी ब्लैक स्पॉट को खत्म करने के लिए हाइवे ऑथोरिटी ने यह डिजाइन बनाई है। हमने उनसे जब पड़ोरा चौक पर हुई दुर्घटनाओं का आंकड़ा पूछा, तो वे चुप्पी साध गए।




















