क्रेन सर्विस सेंटर के ऑफिस में मिला हाइड्रा चालक का शव, पीएम से खुलेगा मौत का राज

क्रेन सर्विस सेंटर के ऑफिस में मिला हाइड्रा चालक का शव, पीएम से खुलेगा मौत का राज
भतीजे का इलाज कराने गया था मेडिकल कॉलेज, घर पर पत्नी ने फांसी लगाकर दी जान
शिवपुरी। थीम रोड पर बड़ौदी स्थित करें सर्विस सेंटर के ऑफिस में शनिवार की सुबह एक हाइड्रा चालक का शव मिला। उसकी मौत के कारण का राज पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चलेगा। उधर शिवपुरी शहर के करौंदी क्षेत्र में एक विवाहिता ने उस समय अपने घर में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी, जब उसका पति अपने भतीजे का इलाज कराने मेडिकल कॉलेज गया था।
सुबह खोला ऑफिस तो मिली ड्राइवर की लाश:
थीम रोड बड़ौदी पर स्थित क्रेन सर्विस सेंटर का ऑफिस शनिवार की सुबह जब खोला गया तो उसमें हाइड्रा ड्राइवर 36 वर्षीय दीपक बाथम का शव मिला। जिसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। बताते हैं कि रात को जब दीपक हाइड्रा चलाकर वापस लौटा तो ऑफिस में ही सो गया था। उसकी मौत क्यों और कैसे हुई, इसका पता तो पीएम रिपोर्ट के बाद ही चलेगा। मृतक भितरवार का रहने वाला था, तथा सेसई सड़क पर अपने परिवार सहित किराए के मकान में रहता था।
फांसी पर झूली महिला, ससुरालियों पर आरोप:
शिवपुरी शहर के करौंदी क्षेत्र में रहने वाली 40 वर्षीय रीना गौड ने शुक्रवार की रात अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जिस समय उसने यह कदम उठाया, उस वक्त उसका पति लखन गौड अपने भतीजे का इलाज कराने शिवपुरी मेडिकल कॉलेज गया था। महिला की मौत के बाद उसके मायके वालों ने पति एवं सास पर परेशान करने का आरोप लगाया है। मृतका का पति लखन मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करता है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।




















