कोलारस नगर परिषद के पुराने भवन में लगी आग, पुराना रिकॉर्ड जलाने की साजिश तो नहीं?

कोलारस नगर परिषद के पुराने भवन में लगी आग, पुराना रिकॉर्ड जलाने की साजिश तो नहीं?
50 रु. प्रति क्विंटल अधिक रेट का लालच देकर 20 हजार की चपत लगाने की साजिश नाकाम
शिवपुरी। बीती रात कोलारस नगर परिषद के पुराने ऑफिस में रहस्यमय परिस्थितियों में आग लग गई, जिससे उसमें रखा पुराना रिकॉर्ड जलकर खाक हो गया। यह आग जान बूझकर लगाई गई, क्योंकि गेट टूटा मिला है। वहीं लुकवासा में एक व्यापारी ने एक किसान को 50 रुपए प्रति क्विंटल अधिक रेट का लालच देकर 20 हजार की चपत लगाने की तैयारी कर ली थी, जो विफल हो गई।
वर्ष 2013 तक का रिकॉर्ड हुआ खाक:
कोलारस नगर परिषद कार्यालय का नया भवन 2014 में शुरू हुआ, जबकि 2013 तक का रिकॉर्ड पुराने ऑफिस में ही रखा हुआ था। शुक्रवार की रात नगर परिषद के पुराने कार्यालय से धुआ उठता दिखा तो लोगों ने मौके पर जाकर आग बुझाने का प्रयास किया। इस आफिस में वर्ष 2013 तक का रिकॉर्ड रखा था, जो इस आगजनी की भेंट चढ़ गया, जबकि आग लगाने से पहले उसके दरवाजे को तोड़ा गया था। जिससे यह स्पष्ट है कि रिकॉर्ड जलाने के लिए आग जान बूझकर लगाई गई है। पुलिस सभी एंगल से जांच की बात कह रही है। सवाल यह है कि रिकॉर्ड में आग लगाने से किसे फायदा होने वाला था, वैसे यहां की कुर्सी पर एक ही परिवार का बरसों तक कब्जा रहा है।
व्यापारी की साजिश का हुआ राजफाश:
लुकवासा मंडी में चना बेचने आए किसान कैलाश जाटव को व्यापारी दीपक अहिरवार मंडी के अंदर से यह कहकर बाहर फसल बेचने के लिए तैयार करके लाया कि वो उसे मंडी रेट से 50 रुपए अधिक दाम देगा। कैलाश अपनी चने की 11 क्विंटल फसल बेचने आया था। वो यह सोचकर अपनी फसल व्यापारी को बेचने आ गया कि उसे 50 रुपए क्विंटल अधिक दाम मिलेगा। बाहर व्यापारी ने उसकी फसल का अपने तौल काँटे पर जब वजन किया तो वो 8 क्विंटल निकला, जबकि कृषक कैलाश को पता था कि उसकी फसल अधिक है। इसी आशंका के चलते जब किसान ने दूसरे तौल काँटे पर वजन कराया तो उसका 11 क्विंटल चना था, यानि 50 रुपए अधिक का रेट देने वाला व्यापारी तौल काँटे में गड़बड़ी करके कृषक को सीधे 20 हजार की चोट लगाने की तैयारी में था। मंडी के बाहर तौल होना नियमविरुद्ध है, साथ ही किसान की जेब काटने के लिए तौल काँटे में की गई गड़बड़ी से नापतौल विभाग की निष्क्रियता भी उजागर हुई है। हालांकि अब मंडी सचिव एवं एसडीएम कोलारस कार्यवाही की बात कर रहे हैं।




















