हाइवे पर ट्रक स्टाफ को हथियार की नोक पर लूटा, पुलिस मामले को संदिग्ध मान जांच में जुटी

छह बहनों में इकलौते भाई एवं दो बच्चों के सिर से जहरीले सांप ने छीन लिया पिता का साया
शिवपुरी। आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर शिवपुरी जिले के बदरवास थाना क्षेत्र में एक ट्रक स्टाफ को हथियार की नोक पर लूटने की घटना हुई। हालांकि बदरवास पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर जांच में जुटी है। उधर खनियाधाना में एक जहरीले सांप ने 6 बहनों के बीच इकलौते भाई एवं दो बच्चों के सिर से पिता का साया छीन लिया।
झांसी से चना बीज के कट्टे भरकर ट्रक चालक अंकित चौहान निवासी कानपुर, अपने हेल्पर अरविंद अहिरवार के साथ सीहोर जा रहा था। अंकित ने बताया कि रात लगभग साढ़े 3 बजे जब उसका ट्रक मांगरोल के पास से गुजर रहा था, तभी एक सफेद रंग की कार में सवार होकर 4 बदमाशों ने गाड़ी को रोक लिया। कार में से उतरे बदमाशों ने कट्टे की नोक पर ड्राइवर अंकित से 6500 रुपए नगद, ट्रक में भरा 170 लीटर डीजल एवं चने के बीज वाले 15 बोरी लूट लिए। उधर बदरवास थाना प्रभारी नवीन यादव का कहना है कि इस तरह के संदिग्ध मामले पूर्व में भी सामने आए हैं। फिर भी इस मामले की जांच पुलिस कर रही है।
सोते में सांप ने डसा, हुई मौत:
शिवपुरी जिले के खनियाधाना थाना क्षेत्र के ग्राम सिलपुरा में रहने वाले 35 वर्षीय पदम सिंह कुशवाह बीती रात अपने घर में सो रहा था। अलसुबह उसे सोते समय जहरीले सांप ने उसकी पीठ में डस लिया। हालत बिगड़ने पर पदम को अस्पताल लेकर गए, जहां उसकी मौत हो गई। बताते हैं कि पदम 6 बहनों में इकलौता भाई था, तथा उसकी पत्नी भी 5 साल पूर्व छोड़कर चली गई थी, इसलिए अपने दो बच्चों का पालन पोषण भी वो खुद ही कर रहा था। 6 बहनों का भाई और दो बच्चों के सिर से उनके पिता का साया उठ गया।




















