अब सुधरने लगी हमारी शिवपुरी: प्रगति बाजार की गली में आधी बनी सीसी, शेष कार्य भी शीघ्र

केंद्रीय मंत्री के निर्देशों का पालन: मुख्य बाजार कोर्ट रोड हुई चौड़ी, थोक फ्रूट मंडी हुई शिफ्ट
शिवपुरी। लंबे समय तक आश्वासनों को झेलने व प्रयोगशाला बन चुकी शिव की नगरी शिवपुरी में अब सुधार नजर आने लगा। मुख्य बाजार कोर्ट रोड की सड़क चौड़ी नजर आने लगी, तो वहीं कोर्ट रोड पर सजने वाली थोक फ्रूट मंडी भी झांसी रोड पर शिफ्ट हो गई। टेकरी के प्रगति बाजार की आधी सड़क बन गई जबकि शेष सीसी भी बनाने की तैयारी है।
गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पिछले दिनों प्रशासन एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ गूगल मीट पर बैठक करके शिवपुरी शहर को साफ सुथरा बनाए जाने एवं आमजन की समस्याओं को दूर करने के निर्देश दिए थे। जिसके पालन में हर रोज सुबह सिन्धियानिष्ठ नेता अपने साथ नगरपालिका का अमला लेकर शहर में सुधार कार्यों के लिए निकलने लगे। सबसे पहले मुख्य बाजार कोर्ट रोड से ठेलों को अलग करने के साथ ही तिपहिया एवं चारपहिया वाहन भी प्रतिबंधित कर दिए।
कोर्ट रोड पर हर सुबह लगने वाली थोक फ्रूट मंडी को भी 9 वर्ष पूर्व झांसी रोड पर बनी मंडी में शिफ्ट कर दी गई, जिससे हर रोज सुबह लगने वाले जाम से मुक्ति मिल गई। शिवपुरी के व्यस्ततम बाजार टेकरी एवं प्रगति बाजार में खुदी सड़कों की वजह से दुकानदार एवं खरीदार दोनों ही परेशान थे। प्रगति बाजार की आधी से अधिक सीसी रोड बन चुकी है, जबकि शेष का काम भी जल्द शुरू किया जाएगा। इसके अलावा कस्टम गेट से टेकरी बाजार वाली गली में खतरनाक हो चुकी सड़क को बनाया जाकर आवागमन सुलभ किया जाएगा। इन कार्यों को देखकर लग रहा है कि अब बातें हवा-हवाई नहीं होंगी, बल्कि काम धरातल पर होगा। अभी एक और मंडी को भी झांसी रोड की दूसरी मंडी में शिफ्ट किया जाएगा।




















