दीवाली की तैयारियों के लिए मिट्टी खोदने गई थी युवती, आई मौत की खबर, घर में छाया मातम

शनिवार को हुए दो सड़क हादसों में गई दो लोगों की जान, दो हुए घायल
शिवपुरी। नवरात्रि के साथ ही घरों के दीवाली की तैयारियों शुरू हो गईं। अपने घर की लिपाई पुताई के लिए मिट्टी खोदने गई युवती की रविवार की दोपहर कच्चे कुएं में गिरने से हुई मौत की खबर से उस घर में मातम छा गया। वहीं शनिवार की शाम को जिले के दो अलग अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए।
दिनारा के ग्राम छितीपुर में रहने वाली 18 वर्षीय सोनम पुत्री सुरेश जाटव, आज दोपहर में मिट्टी खोदने गई थी, ताकि दीवाली से पहले वो अपना घर आंगन की लिपाई पुताई कर सके। सोनम जब अपने खेत पर बने कच्चे कुएं के किनारे पर मिट्टी खोद रही थी, तभी मिट्टी धसकने से सोनम उस कुएं में जा गिरी। चूंकि सोनम को तैरना नहीं आता था, तथा कुआँ कच्चा था, इसलिए वो उसी में फंसकर रह गई। जब काफी देर तक वो नहीं आई तो परिजनों ने उसकी तलाश की तथा दो घंटे की मशक्कत के बाद काँटे की मदद से सोनम का शव कुएं से बाहर निकाला जा सका। बताते हैं कि सोनम की सगाई भी हो चुकी थी। सोनम की मौत के बाद सुरेश के परिवार में त्योहार की खुशिया मातम में बदल गईं।
जा रहे थे मजदूरी करने, रास्ते में मिली मौत:
शिवपुरी के बायपास रोड पर परमजीत ढाबे के पास शनिवार की शाम एक ट्रैक्टर ट्रॉली में आलू से भरे ट्रक ने टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में ट्रक भी सड़क पर पलट गया, तथा ट्रेकटर पर सवार तीन मजदूरों में से एक की मौत हो गई। ग्वालियर के तिघरा पृथ्वीपुर निवासी शैलेंद्र गुर्जर, गौरव गुर्जर एवं एक अन्य गुना में मजदूरी करने जा रहे थे। शिवपुरी में ट्रक की टक्कर से शैलेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों साथी घायल हो गए।
यात्री बस की टक्कर से बाइक सवार की मौत:
शिवपुरी जिले के खनियाधाना थाना अंतर्गत पोठियाई गांव के पास शनिवार की देर शाम को बाइक में बालाजी बस सर्विस की बस ने टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार 28 वर्षीय रविंद्र लोधी गंभीर रूप से घायल हो गया था। रविंद्र को शिवपुरी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।




















