शिवपुरी में स्ट्रीट लाइट न होने से जनता परेशान, रन्नौद में स्ट्रीट लाइट लगाने पर फोड़ दी गाड़ी
शिवपुरी में स्ट्रीट लाइट न होने से जनता परेशान, रन्नौद में स्ट्रीट लाइट लगाने पर फोड़ दी गाड़ी
नगर परिषद रन्नौद के इलेक्ट्रीशियन की रिपोर्ट पर दर्ज किया मामला, 15 हजार का हुआ नुकसान
शिवपुरी। एक तरफ शिवपुरी शहर में स्ट्रीट लाइट लगवाने की मांग जनता कर रही है, तो वहीं दूसरी ओर रन्नौद कस्बे में स्ट्रीट लाइट लगा रही नगर परिषद रन्नौद की गाड़ी तोड़ दी। रन्नौद थाना पुलिस ने नगर परिषद के इलेक्ट्रीशियन की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया।
नगर परिषद रन्नौद में इलेक्ट्रीशियन के पद पर पदस्थ नीरज जोशी ने रन्नौद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि रविवार की दोपहर डेढ़ बजे वो नगर परिषद की हाइड्रोलिक मशीन वाली गाड़ी में ड्राइवर सलमान खान के साथ वार्ड क्रमांक 1 गिल्टोरा में स्ट्रीट लाइट बदलने का काम कर रहा था। इसी बीच वहां पर टिक्कपाल जाट आया और स्ट्रीट लाइट लगाने से मना करने लगा। जब मनीष ने कहा कि हमें खराब स्ट्रीट लाइट बदलना है, तो टिक्कपाल उन्हें गाली देने के साथ मारपीट भी करने लगा। इतना ही नहीं उसने नगर परिषद की गाड़ी का कांच भी तोड़ दिया। वाहन चालक सलमान खान ने बीच बचाव किया। गाड़ी का कांच टूटने से नगर परिषद को 15 हजार रुपए का नुकसान हो गया। रन्नौद थाना पुलिस ने इलेक्ट्रीशियन मनीष की रिपोर्ट पर टिक्कपाल के खिलाफ मारपीट की धाराओं में प्रकरण दर्ज के लिया।




















