बिना लॉक के रखे जा रहे स्ट्रक्चर, तेज रफ्तार में वाहन तो गिरेगा ही, सर्विस रोड वाला भी निपटेगा

बिना लॉक के रखे जा रहे स्ट्रक्चर, तेज रफ्तार में वाहन तो गिरेगा ही, सर्विस रोड वाला भी निपटेगा
पोहरी रोड पर बन रहे रेलवे ओवरब्रिज में बड़ी खामी, ठेकेदार बोला: हमने तो सीमेंट की दीवार बनाने का दिया था प्रस्ताव
शिवपुरी। पोहरी रोड पर बनाए जा रहे रेलवे ओवरब्रिज के बनने की शुरुआत में ही उसका एक हिस्सा टूटकर गिर गया था। उसे रिपेयर करके अब उसमें जो साइड में सरिया-सीमेंट के जो स्ट्रक्चर लगाए जा रहे हैं, उन्हें आपस में लॉक नहीं किया जा रहा। इन्हें जिस तरह से रखा जा रहा है, उसमें यदि भविष्य में कोई तेज रफ्तार वाहन इससे टकराएगा तो वो वाहन तो नीचे गिरेगा ही, साथ ही यह सीमेंट का स्ट्रक्चर सर्विस रोड पर गुजरने वाले लोगों पर गिरकर उनकी जान भी ले सकता है। ठेकेदार का कहना है कि हमने तो सीमेंट कंक्रीट की दीवार बनाने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन उसे माना नहीं गया।
पिछले लोकसभा चुनाव से पूर्व पोहरी रोड के ओवरब्रिज का भूमिपूजन किया गया था, जिसका लोकार्पण शायद अगले लोस चुनाव में होगा। इस ओवरब्रिज को बनाते समय जो ड्राइंग बनाई गई, उसमें ऐसा मोड़ दिया गया है, जो भविष्य में बड़ा खतरा बन सकता है। क्योंकि रात के अंधेरे में ब्रिज से गुजरने वाले तेज रफ्तार वाहन के चालक से यदि जरा भी चूक हुई तो फिर उसका मोड से दीवार तोड़कर नीचे खेत या आबादी में पहुंचना तय है। ऐसे खतरनाक मोड के बीच चिंता इसलिए भी अधिक बढ़ गई है, क्योंकि साइड में जिन सीमेंट वाले टुकड़ेनुमा स्ट्रक्चर से दीवार बनाई जा रही है, उनमें लॉक सिस्टम नहीं है। जैसे अन्य पुलों में जो स्ट्रक्चर लगाए जाते हैं, उनकी बनावट ऐसी होती है कि वो एक-दूसरे में फंस कर लॉक हो जाते हैं, तथा उनको आपस में जोड़ने के लिए एक बेल्टनुमा पट्टी भी लगाई जाती है। शिवपुरी में बन रहे इस पुल में उन स्ट्रक्चर को एक दूसरे के ऊपर ऐसे ही रख दिया है, तथा साइड में भी उन्हें अलग-अलग रखा गया है। जिसमें से निकलने वाले लोहे के सरियों पर ही सीमेंट कंक्रीट की लेयर डालकर उसके वजन को पुल की तरफ ही झुकाया जाएगा। ऐसे में यदि किसी तेज रफ्तार वाहन ने इसमें टक्कर मारी तो यह पूरा टुकड़ा ही उखड़ कर नीचे जा गिरेगा, जिससे टक्कर मारने वाले वाहन को तो खतरा रहेगा ही, साथ ही नीचे सर्विस रोड पर जाने वाले ट्रैफिक को भी कम खतरा नहीं रहेगा।
शिवपुरी में तेज रफ्तार के कई हादसे हुए:
शिवपुरी शहर में तेज रफ्तार चार पहिया वाहनों के कई हादसे अभी तक हो चुके हैं। एक तेज रफ्तार वाहन ने कलेक्ट्रेट के नजदीक स्थित लायंस चौक को ही उड़ा दिया था, जबकि राजेश्वरी रोड पर एक वाहन ने टेलीफोन के खम्बे को उखाड़कर काफी दूर तक घसीट दिया था। थीम रोड सहित कोतवाली रोड पर कई बार डिवाइडरों को भी तेज रफ्तार वाहन तोड़ चुके हैं।
ठेकेदार एसएस गुप्ता से सीधी बात::
सवाल: पोहरी रोड के ओवरब्रिज में स्ट्रक्चरों के बीच लॉक क्यों नहीं लगाए?
जवाब: यह छोटे स्ट्रक्चर हैं, जो कम ऊंचाई वाले पुलों में लगाए जाते हैं। आपस में फंसने वाले स्ट्रक्चर बड़े पुलों में उपयोग किए जाते हैं।
सवाल: कभी कोई तेज रफ्तार वाहन उन्हें उखाड़ तो नहीं देगा?
जवाब: यह स्ट्रक्चर आपस में मजबूती के साथ जुड़े रहते हैं। वैसे हमने तो सुझाव दिया था कि सीमेंट कंक्रीट की दीवार बनवा देते हैं, लेकिन उसे माना ही नहीं गया।




















