मोदी जी का बखान करने आए सांसद से जब पूछे सवाल तो जवाब की बजाए गिनाए आंकड़े

मोदी जी का बखान करने आए सांसद से जब पूछे सवाल तो जवाब की बजाए गिनाए आंकड़े
सेवा संकल्प अभियान की प्रेस कॉन्फ्रेंस: नदारद रहे शिवपुरी विधायक, फिर दिखाए झूठे सपने
शिवपुरी। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षीय राजनीतिक कैरियर की जानकारी देने के लिए रविवार को शिवपुरी में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। जिसमें शामिल होशंगाबाद से भाजपा सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने पहले तो प्रधानमंत्री के कार्यों का बखान किया, लेकिन जब उनसे सवाल किए तो जवाब देने की बजाए वो आंकड़े बताकर पल्ला झाड़ने का प्रयास करने लगे। स्थिति तो उस समय हास्यास्पद बन गई, जब भाजपा जिलाध्यक्ष ने हंसते हुए सभी आरोप बेबुनियाद बता दिए। प्रेस कॉन्फ्रेंस की महत्वपूर्ण बात यह रही कि उसमें शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन नदारद रहे।
होशंगाबाद से सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने भाजपा के सेवा संकल्प की जानकारी देने के साथ केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाने के साथ युवाओं को नई दिशा देने की बात भी कह दी। जब उनसे पूछा कि देश के युवाओं ने सड़क पर उतरकर पूरे देश में प्रदर्शन किया, तब केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा। आखिर युवाओं को यह कैसी दिशा आपकी सरकार ने दी है?, सवाल का जवाब देने की बजाए सांसद चौधरी मेडिकल कॉलेज की सीट और स्टार्टअप के आंकड़े बताने लगे।
जब सांसद से पूछा कि आप देश में विकास के दावे कर रहे हैं, लेकिन शिवपुरी में सांसद, विधायक व नपाध्यक्ष तक भाजपा के होने के बाद भी जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है। इसके जवाब में सांसद जब चुप्पी साध गए तो भाजपा जिलाध्यक्ष जसमंत जाटव ने माइक लेकर कहा कि सभी आरोप बेबुनियाद हैं। फिर जिलाध्यक्ष ने कहा कि कुछ सवाल विधायकों से भी करें, लेकिन जब उनसे पूछा कि शिवपुरी विधायक कहां हैं?, तो जिलाध्यक्ष बोले कि वो प्रवास पर हैं तथा पार्टी के कार्य कर रहे हैं।
कुछ सवालों पर विरोधाभासी बयान दिए:
सांसद से पूछा कि प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने शराब विक्रय के विरोध का समर्थन किया है, तो सांसद बोले कि प्रदेश के सीएम इस मामले में कठोर निर्णय ले रहे हैं। कहीं भी अवैध शराब की बिक्री नहीं होगी। जब उनसे पूछा कि लाडली बहनों ने शिवपुरी में शराब की दुकानों पर विरोध प्रदर्शन किया, तो उन पर मामले दर्ज किए जा रहे हैं। इस पर सांसद बोले कि लाडली बहने हमारे लिए सम्मानित हैं, लेकिन कानून को कोई हाथ में नहीं ले सकता, उसके खिलाफ कार्यवाही होगी।
महंगाई में कैसे जलाएंगे दीपक?, बोले हम देंगे
भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को शिवपुरी जिले में 2 लाख दीपक जलाने का दावा जिलाध्यक्ष ने किया। जब उनसे पूछा कि महंगाई के इस दौर में लोग कैसे दीपक जलाएंगे, तो नेताओं ने महंगाई पर जवाब देने की बजाए हंसते हुए कहा कि दीपक व तेल हम ही देंगे।




















