दिन भर होती रही रिमझिम बारिश, गेट खुलने में महज 2.10 मी. लेबल बढ़ने की देर
जिले की औसत बारिश के नजदीक पहुंचा आंकड़ा, भदैया कुंड के झरने ने पकड़ी रफ्तार
शिवपुरी। सावन के सेकेंड लास्ट दिन यानि गुरुवार को सुबह से शुरू हुआ बारिश का दौर पूरे दिन जारी रहा। शिवपुरी के अलावा मालवा क्षेत्र में हो रही बारिश से मड़ीखेड़ा डैम का लेबल भी बढ़कर 344.15 मीटर तक पहुंच गया। अब गेट खुलने में महज 2.10 मीटर लेबल बढ़ने का इंतजार है। इसके बाद सैलानियों की भीड़ मड़ीखेड़ा डैम की ओर रुख करेगी। महत्वपूर्ण बात यह है कि रुक-रुक कर हो रही बारिश के बीच जिले की औसत सामान्य बारिश के आंकड़े के नजदीक तक पहुंच गया।
गौरतलब है कि मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार इस बार बारिश कमजोर होने का पूर्वानुमान बताया गया था। यह भविष्यवाणी इसलिए भी सच लग रही थी, क्योंकि इस बार लंबे इंतजार के बाद बारिश का दौर शुरू हुआ, तथा सावन भी पूरा निकलने के बाद आखिरी दिनों में बारिश की झड़ी शुरू हो पाई। आज सुबह से रिमझिम का दौर जब शुरू हुआ तो फिर देर शाम तक अनवरत जारी रहा। इस दौरान कभी तेज तो कभी धीमी बारिश लगातार होती रही।
पूरे दिन हुई बारिश के चलते शहर के नालों में भी पानी का फ्लो तेज हो गया, तथा भदैया कुंड का धीमा चल रहा झरना एकाएक रफ्तार पकड़ गया। उधर सिंध नदी में भी पानी का फ्लो तेज हो जाने से गुरुवार की शाम को मड़ीखेड़ा डैम का लेबल बढ़ता जा रहा है। डैम का फुल लेबल 346.25 मीटर है, जो अब पूरा होने में 2.10 मीटर ही खाली रह गया है। चूंकि मड़ीखेड़ा डैम के केचमेंट एरिया में भी बारिश हो रही है, इसलिए यह उम्मीद की जा सकती है कि सावन के बाद डैम के गेट खुल सकते हैं, तथा सैलानियों को मनोहर नजारा देखने को मिल सकता है। उधर जिले का सामान्य औसत बारिश का आंकड़ा 816.3 मिमी है, जबकि अभी तक हुई बारिश में यह आंकड़ा भी लगभग 700 मिमी तक पहुंच गया है।




















