शिवपुरी में नशे की गज़ब तस्वीर आई सामने: मृत युवक के हाथ की नस में फंसी हुई मिली सीरिंज

थम नहीं रहा नशे से मौत का सिलसिला, नौहरी में नशे के ओवरडोज से मौत की आशंका
शिवपुरी। शनिवार की सुबह जब सभी लोग देश की आजादी का पर्व मनाने की तैयारी कर रहे थे, तभी नौहरी से एक खबर आई कि एक युवक अचेत हालत में दीवार से टिका बैठा है। महत्वपूर्ण बात यह है कि युवक के हाथ में एक सीरिंज भी फंसी हुई थी। युवक का जब मेडिकल चेकअप करवाया तो वो मृत हो चुका था। मृतक की पहचान के प्रयास में कोतवाली पुलिस जुटी हुई है।
गौरतलब है कि शिवपुरी में नशे के खिलाफ लंबे समय से अभियान चल रहे हैं। पूर्व विधायक वीरेंद्र रघुवंशी तो विधानसभा में यह मांग भी कर चुके थे कि शिवपुरी को उड़ता पंजाब बनने से बचा लो। उसके बाद समय-समय पर नशे से दूरी के कई अभियान चले, लेकिन अत्यधिक नशा करने से होने वाली मौतों पर अंकुश नहीं लग पाया। सोचनीय पहलू तो यह भी है कि नशे के खिलाफ कार्यवाही करने वाली पुलिस का एक जवान भी स्मैक के ओवरडोज में अपनी जान गंवा चुका है। अभी हाल ही में कुछ समय पूर्व तक नशे से दूरी का अभियान पूरे प्रदेश के साथ शिवपुरी में भी जोर शोर से चलाया गया, बावजूद इसके जानलेवा नशे के दुखद परिणामों में कोई अंतर नहीं आया।
आज सुबह नौहरी में मिले युवक के हाथ में फांसी सीरिंज को देखकर ऐसा लग रहा है कि उसने नशा करने के लिए इंजेक्शन लगाया और फिर नशा अधिक हो जाने की वजह से वो उसे निकाल भी नहीं पाया। शिवपुरी में नशे के ओवरडोज से एक दर्जन से अधिक मौत हो चुकी हैं, बावजूद इसके नशे के सौदागरों पर अंकुश नहीं लग पाया। जिसके चलते नशा करने वालों की संख्या बढ़ने के साथ ही उसका प्रचलन भी तेजी से बढ़ रहा है।




















