शहर के बीचोबीच बनी गंदे पानी की तलैया, बैंक में आने वाले लोग व आसपास दुकानदार परेशान

निर्माणाधीन मॉल के मटेरियल ने बंद की नाली, गंदे पानी में गिर रहे लोग, बमुश्किल निकल पा रहे बुजुर्ग खाताधारक
शिवपुरी। शहर के बीचोबीच गुरुद्वारा चौंक के पास भारतीय स्टेट बैंक की शाखा के सामने इन दिनों गंदे पानी तलैया भरी हुई है। यह समस्या इसलिए हो गई, क्योंकि उसके आगे एक निर्माणाधीन मॉल के सड़क पर पड़े मटेरियल ने नाली को बंद कर दिया। जिसके चलते जो गंदा पानी किनारे से होकर नाले में पहुंचता था, वो अब बैंक शाखा एवं दुकानों के सामने तलैया बन गई। महत्वपूर्ण बात यह है कि बैंक के भवन मालिक ने स्थानीय पार्षद पति को फोन लगाकर गंदगी साफ कराने के लिए कहा, तथा पार्षद पति भी लगातार नपा के जिम्मेदारों से यह शिकायत ले रहे हैं, लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं है।
हमारे क्षेत्रीय सांसद का कहना है कि मैं घोड़े की तरह चश्मा लगाता हूं, जिसमें दाएं – बाएं न देखते हुए सामने केवल विकास को देखता हूं। उधर बीते रोज एक सुलभ कॉम्प्लेक्स के भूमिपूजन में शिवपुरी विधायक एवं नपाध्यक्ष को एक साथ देखा, तो यह उम्मीद जागी कि अब शहर में विकास की रफ्तार को कोई कम नहीं कर सकता। इसी बीच विधायक निवास के वार्ड पार्षद पति रत्नेश जैन का फोन आया कि गुरुद्वारा चौक के सामने SBI शाखा के सामने गंदे पानी की तलैया भर रही है। जब मौके पर जाकर देखा तो यहां नारकीय हालात नजर आए। सड़क के दूसरी ओर से आ रहा नाली का पानी बैंक के सामने से लेकर आगे की अभी आधा दर्जन दुकानों के सामने भरा हुआ है। यह पानी लगातार आने की वजह से उसका विस्तार तेजी से बढ़ता जा रहा है।
बैंक में मौजूद सुरक्षा गार्ड ने बताया कि इस गंदे पानी में कई लोग गिरकर न केवल चोटिल हुए, बल्कि गंदगी से उनके कपड़े बिगड़ गए। बैंक स्टाफ से लेकर उसमें आने वाले उपभोक्ताओं को निकलना मुश्किल हो रहा है। सबसे अधिक परेशानी उम्रदराज लोगों को झेलनी पड़ रही है, उनके परिजन बहुत मुश्किल से उन्हें बैंक ले जा पा रहे हैं। पार्षद पति रत्नेश जैन ने बताया कि मैने कई बार नगरपालिका के सफाई दरोगा से लेकर सीएमओ तक को फोन लगा दिए, लेकिन अब तो उन्होंने फोन उठाना ही बंद कर दिया।
बोले सीएमओ: हम भेज रहे हैं सीएमओ
हमारे संज्ञान में भी यह समस्या आई थी, जिसके लिए आज हम जेसीबी भेज रहे हैं। वो पानी मटेरियल की वजह से रुक रहा है, जिसे हम आज हटवा कर पानी का रास्ता निकालेंगे।
यशवंत राठौर, सीएमओ नपा शिवपुरी




















