मेरे पास था 2.82 करोड़ का ग्राहक: पार्षद, 2.25 करोड़ में बेचा भाजपा का पुराना कार्यालय

भाजपा के पुराने कार्यालय को बेचने में 60 लाख का लोचा, जिलाध्यक्ष बोले: बिकने के बाद बताया
शिवपुरी। भाजपा के पुराने अधूरे बने जिला कार्यालय को 60 लाख रुपए कम रेट में बेचने की चर्चा सरगर्म है। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नरेंद्र बिरथरे कह रहे कि अभी बेचा नहीं, भाजपा नेता विजय शर्मा कह रहे कि उन्हें चीनू ने बताया कि बिक गया, जबकि भाजपा जिलाध्यक्ष का कहना है कि हमने वो बेच दिया। महत्वपूर्ण बात यह है कि पार्षद का दावा है कि मेरे पास 2.82 करोड़ का ग्राहक था, लेकिन उन्होंने 2.25 करोड़ में बेच दिया। उधर जिलाध्यक्ष का कहना है कि जब हमने बेच दिया, तब उन्होंने बताया।
गौरतलब है कि शिवपुरी में भाजपा का पार्टी कार्यालय न होने की वजह से शासकीय कोठी नंबर 1 पर कब्जा किए हुए हैं। लगभग 13 साल पूर्व सर्कुलर रोड पर 6200 वर्गफीट जमीन भाजपा कार्यालय बनाने के लिए खरीदी थी। उसे अधूरा बनाकर छोड़ दिया गया। पिछले माह भाजपा कार्यकाल के लिए जमीन की रजिस्ट्री कराने के फोटो भी आए थे। ऐसे में पुराने अधूरे पड़े कार्यालय की जमीन को बेचने की तैयारी की गई। उक्त जमीन का एक ग्राहक पार्षद राजू गुर्जर के पास था, जो 2.82 करोड़ रुपए में खरीदने को तैयार था। राजू का कहना है कि मैने इस संबंध में भाजपा जिलाध्यक्ष जसमंत जाटव के अलावा पूर्व संगठन मंत्री श्यामजी महाजन को भी बताया था। बकौल राजू, चार दिन पहले मैने जब जिलाध्यक्ष से पूछा तो उन्होंने कहा कि हमने उसे 2.25 करोड़ रुपए में कैसे बेचा है, यह तो हम ही जानते हैं।
इस संबंध में भाजपा जिलाध्यक्ष जसमंत जाटव का कहना है कि पार्षद राजू ने कहा था कि उनके पास कोई ग्राहक है, लेकिन वो कितने में लेगा, यह नहीं बताया। उधर भोपाल से वरिष्ठ नेता कह रहे थे कि उसे जल्दी बेचो, तो हमने बेच दिया। पूरी प्रक्रिया पार्टी स्तर पर नियमानुसार हुई है।जिलाध्यक्ष ने बताया कि उक्त पुराना कार्यालय राजेंद्र जैन ने खरीदा है।
इन सबके बीच बड़ा सवाल यह है कि भाजपा जिलाध्यक्ष ने प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नरेंद्र बिरथरे को गलत जानकारी क्यों दी? क्योंकि बिरथरे ने बताया कि मैने जिलाध्यक्ष से कल यानि 14 अगस्त को पूछा था, तो उन्होंने मना किया था कि अभी नहीं बिका है।




















