करेरा की मूंगफली महाराष्ट्र व मुंबई में बनी पली पसंद, व्यापारी बिना टेक्स चुकाए भेज रहे ट्रक

बीती रात कोलारस तहसीलदार ने बायपास से पकड़ा 300 बोरी मूंगफली से भरा ट्रक
शिवपुरी। जिले की करेरा तहसील में होने वाला मूंगफली उत्पादन न केवल शिवपुरी में बल्कि महाराष्ट्र एवं मुंबई में भी बेहद पसंद की जाती है। यही वजह है कि करेरा के मूंगफली व्यापारी इस डिमांड को पूरा करने के लिए बिना टैक्स चुकाए ट्रकों में भरकर मूंगफली महाराष्ट्र व मुंबई भेज रहे हैं। ऐसा ही एक ट्रक बीती रात कोलारस तहसीलदार प्रदीप भार्गव ने बायपास रोड पर पकड़ लिया।
बीते सोमवार की रात कोलारस तहसीलदार भार्गव को सूचना मिली कि मूँगफली से भरा ट्रक बिना टेक्स चुकाए हाइवे से गुजर रहा है। रात में ही तहसीलदार ने बायपास रोड पर अन्नपूर्णा होटल के पास जब ट्रक को रोककर चेक किया तो उसमें 300 बोरी मूंगफली भरी हुई थी। पूछताछ में ट्रक चालक अंकेश पाल ने बताया कि उक्त मूंगफली करेरा के बाबू साहू फर्म से भरकर महाराष्ट्र के सांवली में भेजी जा रही थी। जब मूंगफली के गेटपास सहित अन्य दस्तावेज मांगे गए तो कोई भी कागज ट्रक चालक के पास नहीं मिला। ट्रक शिवपुरी के राकेश गुप्ता का बताया जा रहा है। तहसीलदार भार्गव ने उक्त ट्रक को जब्ती में लेकर मामला मंडी कोलारस को सौंप दिया।
ज्ञात रहे कि करेरा की मूंगफली की मुंबई महाराष्ट्र में डिमांड अधिक रहती है। इस मांग को पूरा करने के लिए करेरा के व्यापारी किसानों से सस्ते दाम में मूंगफली खरीदकर इसी तरह मंडी टेक्स की चोरी करके महाराष्ट्र व मुंबई के व्यापारियों को महंगे दाम पर बेचकर बड़ा मुनाफा कमाते हैं। गौरतलब है कि मूंगफली के कम दाम मिलने से गुस्साए किसानों ने करेरा मंडी के बाहर पिछले दिनों दो बार चक्काजाम भी किया था।




















