जनता के चुने हुए पार्षदों को रखा विकास से दूर, केंद्रीय मंत्री के चुने नेता करवा रहे नपा से काम

वार्डों में स्ट्रीट लाइट के लिए पार्षद लगा रहे नपा के जिम्मेदारों से गुहार, वो कर रहे नेताओं के आदेश का पालन
शिवपुरी। शहर की जनता के द्वारा चुने हुए पार्षदों को शहर के विकास से दूर रखकर केंद्रीय मंत्री की टीम शिवपुरी में विकास कार्य करवा रही है। स्थिति यह है कि इस टीम ने एक वाट्सअप ग्रुप बनाया है, जिसमें नपा के अधिकारी व कर्मचारी तो जोड़े, लेकिन किसी भी पार्षद को इसमें शामिल नहीं किया। महत्वपूर्ण बात यह है कि पार्षद अपने वार्ड की स्ट्रीट लाइट सुधरवाने के लिए नपा में गुहार लगा रहे हैं, लेकिन नपा के कर्मचारी ग्रुप में शामिल नेताओं के कहने पर ही लाइट बदल रहे हैं।
शिवपुरी शहर 39 वार्डों में विभाजित है, तथा प्रत्येक वार्ड से जनता ने अपना एक पार्षद चुना है। जिसकी जिम्मेदारी है कि वो नगर की सरकार यानि नगरपालिका परिषद में अपने वार्ड की समस्याओं को उठाए तथा उनका निराकरण करवाए। वार्डों में विकास न होने से नाराज अधिकांश पार्षदों ने नपाध्यक्ष के खिलाफ एक साल तक लड़ाई लड़ी। इसके बाद भी जब कोई परिणाम नहीं निकला तो वो भी चुप्पी साध कर बैठ गए।
शहर विकास से दूर कर दिए पार्षद:
पिछले दिनों केंद्रीय मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद ने शिवपुरी शहर में विकास कार्यों को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की बैठक ली, जिसमें शहर विकास का खाका खींचा गया। इस बैठक से पार्षदों को दूर रखा गया। तत्पश्चात भाजपा जिलाध्यक्ष ने भी शहर विकास के संबंध में दो-तीन बैठकें आयोजित की, लेकिन इनमें भी पार्षदों को नहीं बुलाया गया।
ऐसे समझें पार्षदों की असुनवाई:
शिवपुरी शहर के वार्ड 9 की महल कॉलोनी में कुछ स्ट्रीट लाइट पहले से बंद थीं, तथा गुरुवार को फाल्ट होने से अधिकांश लाइट बंद हो गईं। वार्ड पार्षद रितु रत्नेश जैन ने नपा के लाइट वाले स्टाफ से संपर्क किया तो बताते हैं कि नपा कर्मचारी बोले कि पहले हमें ग्रुप में जो आदेश नेता कर रहे हैं, वहां पर लाइट लगानी है।




















