कोर्ट रोड को आदर्श सड़क बनाने की कवायद शुरू, उतरा पुलिस- प्रशासन व नपा का अमला

चारपहिया ठेले हटवाए, दुकान के बाहर बिखरा सामान समेटा, चौड़ी नजर आने लगी सड़क
शिवपुरी। जिला मुख्यालय के मुख्य बाजार कोर्ट रोड को एक बार फिर आदर्श सड़क बनाने की कवायद शुरू हो गई। इसके लिए बुधवार को पुलिस, प्रशासन एवं नगरपालिका का अमला इस रोड पर सुबह से उतर गया। चार पहिया ठेलों को हटवाया, दुकान का सामान जी बाहर तक बिखरा था, उसे समेट कर नपा की ट्रैक्टर ट्रॉली में भरवा दिया। जब तक यह अमला कोर्ट रोड पर चलता फिरता रहा, तब तक यह सड़क चौड़ी नजर आती रही। अब देखना यह है कि बरसों से इस रोड को आदर्श सड़क बनाने का सपना इस बार पूरा हो पाएगा, या फिर इस बार भी फोटोसेशन के बाद हालात जस के तस बन जाएंगे।
कोर्ट रोड को आदर्श सड़क बनाने का सफ़र:
शिवपुरी शहर का मुख्य बाजार कोर्ट रोड पर ही है। इस सड़क को आदर्श सड़क बनाने का सफर आज का न होकर बरसों पुराना है। लगभग 15 साल पूर्व जब यशोधरा राजे सिंधिया कैबिनेट मंत्री थीं, उस समय ठंडी सड़क से ट्रैफिक को डायवर्ट करके कोर्ट रोड पर वन-वे ट्रैफिक करने का रिबन भी पूर्व मंत्री ने काटा था। दो दिन बाद ही बाजार के दुकानदारों ने इस व्यवस्था को खत्म करने के लिए आवाज उठाई, तो फिर दोनों तरफ का आवागमन शुरू हो गया। उस दौरान गांधी चौक के पास सड़क पर बनी दुकानों को तोड़ने की शुरुआत भी की गई थी। उसके बाद से तो दर्जनों बार यह आदर्श सड़क बनी और बिगड़ गई। इत्तेफाक से उस समय भी ट्रैफिक प्रभारी रणवीर यादव ही थे।
हर बार फोटोसेशन तक सिमटी कवायद:
कोर्ट रोड को आदर्श सड़क बनाने के लिए जो भी कवायद की गई, उसमें सड़क साफ करने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों एवं नेताओं को फोटो खींचकर भेज दिए जाते हैं। उसके बाद फिर से इस रोड पर चार पहिया ठेलों का कब्जा, सुबह के समय पूरी सड़क को जाम करती फ्रूट मंडी एवं अस्त व्यस्त ट्रैफिक इन सभी कवायदों पर पानी फेर देता है।
प्रयोगशाला का मुख्य प्रैक्टिकल कोर्ट रोड:
साइंस पढ़ने वाले जानते हैं कि कोई एक प्रैक्टिकल होता है, जो कॉमन होता है। प्रयोगशाला बन चुके शिवपुरी शहर में कोर्ट रोड भी ऐसा ही एक कॉमन प्रैक्टिकल बन गया है। जब भी नेता और अधिकारी शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने की घोषणा करते हैं तो कोर्ट रोड को आदर्श सड़क बनाने की कवायद शुरू के दी जाती है।




















