अब कब्रिस्तान की जमीनों पर भूमाफिया की नजर, दीवार बनाकर रोक दिया पानी का रास्ता

ईसाई कब्रिस्तान पर आने वाले लोग जहां खड़े करते थे वाहन, उस खाली जगह पर किया कब्जा
शिवपुरी। अभी गांधी पेट्रोल पंप का मामला शांत भी नहीं हुआ कि मनियर टोल के पास स्थित पेट्रोल पंप के पीछे स्थित ईसाई कब्रिस्तान जाने के रास्ते में एक दीवार खड़ी करके कब्जे की तैयारी कर ली गई। इस दीवार से लगा हुआ एक होटल है तथा उसी कैंपस में पेट्रोल पंप भी है, जिसके चलते यह समझ नहीं आ रहा कि दीवार खड़ी करके कौन कब्जा करने की तैयारी में है। इस दीवार के बनने से बरसाती पानी की निकासी बंद हो जाने की वजह से बरसात में कब्रिस्तान जाने के रास्ते में घुटनों तक पानी भरने लगा।
शिवपुरी में भूमाफिया इस कदर हावी हैं कि वो कब्रिस्तान के आसपास की जमीनों पर कब्जा करने से परहेज नहीं कर रहे। बायपास रोड पर स्थित ईसाई कब्रिस्तान जाने के रास्ते में दीवार बनाकर बरसाती पानी के रास्ते को ही रोक दिया गया। इस दीवार के पीछे एक होटल व पेट्रोल पंप है, जिसके चलते यह समझ नहीं आ रहा कि यह पैर होटल वाले ने पसारे हैं या पेट्रोल पंप वाले ने।
ईसाइयों का यह कब्रिस्तान ब्रिटिश काल यानि अंग्रेजों के समय का बना हुआ है, जिसमें कई अंग्रेजों की कब्रें भी हैं। पहले कब्रिस्तान जाने का चौड़ा रास्ता हुआ करता था, लेकिन सबसे पहले सड़क से जाने वाले रास्ते को सकरा किया गया। पहले कब्रिस्तान गेट के बाईं तरफ खाली खुली जगह थी, जहां पर लोग अपने वाहन पार्क कर दिया करते थे। पिछले कुछ समय में भूमाफिया ने उस जगह के साथ ही गेट तक एक दीवार खड़ी कर दी, जिसके चलते बरसाती पानी का रास्ता तो रुका ही, साथ वाहन खड़े करने को जगह भी नहीं बची। बताते हैं कि पीछे कॉलोनी में से होकर कब्रिस्तान जाने का रास्ता वो खुली जगह राजस्व रिकॉर्ड के नक्शे में मौजूद है, लेकिन जमीन के भूखे माफिया ने उस जमीन पर कब्जा करने के लिए दीवार खड़ी कर दी है। जिससे कब्रिस्तान आने वाले लोगों को बरसात के मौसम में निकलना मुश्किल हो जाता है, जबकि वाहन पार्किंग खत्म हो जाने से अब सड़क किनारे ही वाहन रखकर पैदल वहां से जाना पड़ता है। स्थानीय प्रशासन अब इसमें क्या करेगा, यह तो आने वाला समय ही बताएगा, क्योंकि केंद्रीय मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद ने भूमाफिया के खिलाफ कार्यवाही के निर्देश प्रशासन को दिए हैं।




















