अब शहर में स्वच्छता का जिम्मा केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने लिया: हर वार्ड दमकाने के निर्देश

अब शहर में स्वच्छता का जिम्मा केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने लिया: हर वार्ड दमकाने के निर्देश
संसदीय क्षेत्र में गुना व शिवपुरी के अधिकारियों व नेताओं से गूगल मीट में हुई चर्चा, गांधी जयंती से शुरू होकर पटेल जयंती तक चलेगा अभियान
स्वच्छता का विशेष अभियान 0.6 चलेगा, तो अभियान 0.5 तक क्या होता रहा..??
शिवपुरी। शिवपुरी शहर में अब स्वच्छता का जिम्मा केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने कंधों पर ले लिया है। गुरुवार को उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र के गुना एवं शिवपुरी के अधिकारियों एवं स्थानीय नेताओं से गूगल मीट करके स्वच्छता के निर्देश दिए। गांधी जयंती 2 अक्टूबर से यह स्वच्छता अभियान 0.6 शुरू किया जाएगा, जो 31 अक्टूबर सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर खत्म होगा। बड़ा सवाल यह है कि स्वच्छता अभियान के 5 चरण अभी तक हो चुके हैं, तथा यह छठवां चरण है, तो क्या पांच चरणों में कुछ नहीं हुआ, जो इस छटवें चरण की जरूरत पड़ी..??
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत के संकल्प को साकार करने के लिए चलाए जा रहे स्वच्छ भारत मिशन को गति देते हुए केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुना और शिवपुरी जिले के प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के साथ गुरुवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से अलग-अलग बैठकें कर दोनों जिलों में व्यापक स्वच्छता अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
बैठक में प्रत्येक वार्ड को स्वच्छ, व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता अभियान केवल औपचारिकता न रहे, बल्कि इसका असर धरातल पर दिखाई देना चाहिए। उन्होंने कहा कि दशहरा से पहले दोनों जिलों के प्रत्येक वार्ड में स्वच्छता अभियान के ठोस परिणाम दिखने चाहिए। उन्होंने कहा कि नवरात्रि में मां दुर्गा का आगमन स्वच्छ और सुंदर वातावरण में हो, यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
अभियान के होंगे 4 प्रमुख बिंदु:
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने स्वच्छता अभियान को प्रभावी बनाने के लिए चार प्रमुख क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर कार्य करने के निर्देश दिए है।स्वच्छता एवं जल निकासी प्रबंधन पर विशेष फ़ोकस रखने को निर्देशित किया गया है। प्रत्येक वार्ड में नियमित साफ-सफाई, नालियों की सफाई, जलभराव की समस्या का समाधान और सुचारु जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करना है। शहर में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करना तथा आम नागरिकों की आवाजाही को सुगम बनाने पर भी विशेष ध्यान रखने को कहा गया है। सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों पर विद्युत-प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने को निर्देशित किया गया है। खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक कर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने, सड़कों के गड्ढों को भरना, पैचवर्क कराना तथा आवागमन योग्य सड़कों की स्थिति सुनिश्चित करने को निर्देश दिया गया है।
हर वार्ड में बनेगी 20/25 सदस्यीय टीम:
अभियान को जनभागीदारी और प्रशासनिक समन्वय के साथ संचालित करने के लिए केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने प्रत्येक वार्ड में 20 से 25 सदस्यीय टीमों के गठन के निर्देश दिए। इन टीमों में प्रशासनिक अधिकारियों, नगर पालिका के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय स्तर पर जुड़े लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। अभियान के समग्र संचालन और निगरानी के लिए कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ), नगर पालिका अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष एवं विधायक की सहभागिता से चार प्रमुख समन्वय टीमें गठित करने के निर्देश दिए गए।




















