युवक के शव को हाइवे पर रखकर लगाया जाम, बदरवास में सड़क हादसे में हुई थी युवक की मौत

शिवपुरी में नौकर ही कर रहा था गोदाम में चोरी, दुकान संचालक ने रंगे हाथों पकड़ा, मामला दर्ज
शिवपुरी। आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर बदरवास थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर दोपहर युवक का शव रखकर परिजनों व ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया। युवक की मौत सड़क हादसे में हो गई थी। वहीं शिवपुरी शहर की धर्मशाला रोड पर स्थित डिस्पोजल की दुकान के एक पुराने कर्मचारी को ही गोदाम से चोरी करते दुकान मालिक ने पकड़ लिया। जिसका मामला कोतवाली में दर्ज कराया गया।
पिता को देने जा रहा था खाना, वाहन ने मारी थी टक्कर:
बदरवास के घुरवार गांव में रहने वाला 23 वर्षीय दुर्गेश यादव बीते गुरुवार की सुबह 8:30 बजे जब अपने पिता को खाना देने बाइक से जा रहा था, तभी सामने से आ रहे वाहन ने उसमें टक्कर मार दी थी। इस सड़क हादसे में दुर्गेश गम्भीर रूप से घायल हो गया था, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत से गुस्साए परिजनों एवं ग्रामीणों ने आज दोपहर 3 बजे हाइवे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। उनकी मांग थी कि टक्कर मारने वाले वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए। बदरवास थाना प्रभारी नवीन यादव ने उन्हें भरोसा दिलाया कि दो दिन में जांच कर मामला दर्ज किया जाएगा। इसके बाद जाम खुल सका।
मालिक का माल पडौस में ही बेच रहां था:
शिवपुरी शहर की धर्मशाला रोड पर स्थित जय बजरंग डिस्पोजल के संचालक मनीष गोयल ने बताया कि उनके गोदाम से काफी समय से सामान चोरी हो रहा था। उनकी दुकान पर पिछले 10-12 साल से काम कर रहे रहीम खान पर शक होने पर मनीष ने जब एक दिन रहीम का पीछा किया तो वो उनके गोदाम से 3 बोरी दोने पत्तल, डिस्पोजल आदि सामग्री भरकर ले जा रहा था। रहीम जिस स्कूटर को लेकर गया था, वो उनके पड़ौसी दुकानदार प्रेमनारायण का था, जिसे वो चोरी का माल बेचता था। मनीष की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने रहीम के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया।




















