एक बहन का बिगड़ा करवा चौथ, दोनों बहनों ने अलग-अलग घरों पर बच्चों सहित दे दी जान

एक बहन का बिगड़ा करवा चौथ, दोनों बहनों ने अलग-अलग घरों पर बच्चों सहित दे दी जान
पति की मौत से क्षुब्ध महिला ने बेटे सहित कुएं में कूदकर दी जान, खबर सुनकर बड़ी बहन भी तीन बच्चों के साथ कुएं में कूदी, हुई मौत
शिवपुरी। शिवपुरी जिले के दो थाना क्षेत्रों में महिलाओं ने अपने बच्चों सहित कुएं में कूदकर अपनी जान दे दी। यह दोनों आपस में सगी बहने थीं। महत्वपूर्ण बात यह है कि एक बहन के पति की डेढ़ माह पूर्व सड़क हादसे में मौत की वजह से क्षुब्ध होकर महिला ने करवा चौथ से एक दिन पूर्व अपने बेटे सहित कुएं में कूदकर अपनी जान दे दी। जिसकी सूचना मिलते ही उसकी बड़ी बहन ने भी अपने तीन बच्चों के साथ कुएं में कूदकर अपनी जान दे दी। इन दोनों घटनाओं में दो बहनों के अलावा उनके 4 बच्चे की तथा एक ने गर्भ में ही दम तोड़ दिया। इसमें पहली घटना बैराड़ एवं दूसरी कोलारस थाना क्षेत्र में घटित हुई। बताते हैं कि दोनों बहनों के बीच बहुत अधिक प्रेम था, लेकिन उनके इस प्रेम ने चार बच्चों का जीवन छीन लिया, जबकि दो परिवारों को भी अव्यवस्थित कर दिया।
करवा चौथ से पहले हुई मायूस, दी जान
बैराड़ के गुगरगांव में रहने वाली अंजली (35) के पति धर्मवीर रावत की डेढ़ माह पूर्व सड़क हादसे में मौत हो गई थी। पति की मौत से क्षुब्ध अंजली बीते बुधवार को करवा चौथ से एक दिन पूर्व इतनी अधिक मानसिक तनाव में आई कि शाम को वो अपनी तीन बेटियों व बेटे प्रशांत (7) को लेकर खेत पर स्थित कुएं पर गई तथा बेटे सहित कुएं में छलांग लगा दी। जबकि उसकी बड़ी बेटी मोनिका ने अपनी दोनों छोटी बहनों को कुएं में कूदने से बचा लिया तथा उन्हें घर लेकर आई एवं परिजनों को घटना बताई। कुएं से अंजली व प्रशांत के शव निकाले गए। अंजली को 8 माह का गर्भ भी था।
कोलारस में बड़ी बहन ने बच्चों सहित लगाई छलांग:
अंजली की बड़ी बहन सीता रावत (37) पत्नी रामसिंह रावत की ससुराल कोलारस के सेसई सड़क में थी। जब सीता ने अपनी छोटी बहन की मौत की खबर सुनी तो वो भी अपनी दो बेटी प्रियंका (14), रिया (12) व 10 वर्षीय बेटे श्लोक के साथ घर से निकली और खेत ओर स्थित कुएं में बच्चों सहित कूद गई। पति रामसिंह जब देर शाम घर आया तो उसे घर पर कोई नहीं मिला। खेत की तरफ आखिरी बार देखे जाने की वजह से वो जब अपने भाई के साथ खेत ओर बने कुएं की तरफ गया तो वहां उसे पत्नी व बच्चों की चप्पल के अलावा बेटे का शव कुएं में नजर आया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कुएं से चारों शवों को बाहर निकलवाया।




















