बिजली कंपनी के साथ मिलकर खेला जा रहा स्मार्ट मीटर का खेल, अधिकारी झाड़ रहे पल्ला

बिजली कंपनी के साथ मिलकर खेला जा रहा स्मार्ट मीटर का खेल, अधिकारी झाड़ रहे पल्ला
हर महीने बिल जमा करने वालों के घरों पर जबरन लगा रहे, जहां बिजली चोरी, वहां जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे
शिवपुरी। शहर में बिजली के स्मार्ट मीटर लगाने का खेल बिजली कंपनी के साथ मिलकर ही खेला जा रहा है। जनता के साथ मीटर लगाने वाले ठेकेदार दादागिरी पर उतारू हैं, जबकि बिजली कंपनी के अधिकारी कुछ भी बोलने की बजाए पल्ला झाड़ रहे हैं।
बीते रोज शिवपुरी शहर की तारकेश्वरी कॉलोनी में स्मार्ट मीटर लगाने वाले ठेकेदार के कर्मचारी ने ऐसे घर के बाहर मीटर ठोक दिया, जिस घर के शटर में ताला लगा हुआ था। इस दौरान स्थानीय लोगों ने विरोध भी दर्ज कराया तथा ठेकेदार एवं बिजली कंपनी के जिम्मेदारों से बात कराने के लिए भी कहा, लेकिन मीटर लगाने वाले अपना काम करते रहे।
मनमानी के शिकार लोगों से डकैती की तैयारी!
बिजली कंपनी पहले ही उपभोक्ताओं को कई तरह के जायज/नाजायज टैक्स लगाकर मनमानी राशि के बिजली बिल दे रही है। जिसे ईमानदार उपभोक्ता हर महीने जमा भी कर रहे हैं। अब उन्हीं उपभोक्ताओं के घरों पर स्मार्ट मीटर लगाकर कथित डकैती डालने की तैयारी है। जिन क्षेत्रों में बिना बिल दिए अत्यधिक बिजली चोरी की जा रही है, उन क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर का ठेकेदार या उसकी टीम जाने की हिम्मत नहीं कर पाएगी।
महाप्रबंधक ने दिया गोलमोल जवाब:
बिजली कंपनी के महाप्रबंधक सुमित अग्रवाल से जब पूछा कि क्या स्मार्ट मीटर लगवाना हर उपभोक्ता के लिए जरूरी है, तो वे चुप्पी साध गए। कुछ देर बाद वे स्मार्ट मीटर की खूबियां गिनाने लगे, लेकिन उन्होंने कैमरे पर कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया। जिसका मतलब साफ है कि स्मार्ट मीटर लगाने का काम बिजली कंपनी के संरक्षण में ही हो रहा है।




















