करेरा में धीरेंद्र शास्त्री की कथा में पहले दिन भीड़ कम रही, अब दूसरे दिन पांडाल में लग गई आग

करेरा नगर में कथा आयोजक के विरोध का विपरीत असर कथा पर पड़ने की चर्चा भी सरगर्म
शिवपुरी। जिले के करेरा कस्बे में बीते शनिवार से शुरू हुई धीरेंद्र शास्त्री की कथा में पहले दिन भीड़ कम आने के बाद रविवार को दूसरे दिन पांडाल में आग लग गई। इस बार बागेश्वर धाम की करेरा में चल रही कथा में कुछ भी ठीक नहीं हो रहा, जिसके पीछे कथा आयोजक का स्थानीय स्तर पर चल रहा विरोध बताया जा रहा है। हालांकि भीड़ आए या नहीं, कथा वाचक तो अपना पूरा खर्चा लेकर ही जाएंगे।
बताते हैं कि आज दोपहर में जब करेरा में धीरेंद्र शास्त्री की कथा चल रही थी, तभी पांडाल के टेंट में से चिंगारियां निकल कर वहां बैठे लोगों पर गिरने लगीं, जिससे बचने के लिए लोग इधर उधर भागने लगे। संभवतः यह चिंगारियां तारों में स्पार्किंग की वजह से निकली थीं। आनन फानन में टेंट में लगी आग को नियंत्रित करने के लिए फायर सेफ्टी उपकरण की मदद ली गई।
गौरतलब है कि करेरा में इस बार बागेश्वर धाम की कथा भोला पंडित द्वारा करवाई जा रही है। कथा प्रारंभ होने से एक दिन पूर्व निकाली गई कलश यात्रा में महिलाओं की बड़ी भीड़ को देखते हुए ऐसा लग रहा था कि कथा सुनने के लिए भी लाखों की भीड़ आएगी, लेकिन कथा शुरू होने के बाद पांडाल खाली रह गए। बताते हैं कि कथा में भीड़ न आने के पीछे भोला पंडित का स्थानीय स्तर पर विरोध है। ज्ञात रहे कि पिछले महीनों में बगीचा सरकार के महंत एवं भोला पंडित के बीच मारपीट हो गई थी। यह विवाद पुलिस थाने तक भी पहुंचा था। शायद यही वजह है कि इस बार कथा में उतनी भीड़ नहीं आ रही, जिसकी कल्पना करके 1200 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।




















