बरसात खत्म होने के बाद शहर घूमने निकले मगरमच्छ, मनियर व सर्किट हाउस पर दिखे

बरसात खत्म होने के बाद शहर घूमने निकले मगरमच्छ, मनियर व सर्किट हाउस पर दिखे
आठ साल के मासूम को दो बार डसा कोबरा ने, अकाझिरी के पास नदी में मिला आधा शव
पिछ्ले 24 घंटे में जिले की प्रमुख घटनाएं:
शिवपुरी। बरसात खत्म होने के बाद अब मगरमच्छ शहर भ्रमण के लिए निकल चुके हैं। बीती रात दो जगह विशालकाय मगरमच्छ नजर आए। वहीं इंदार थाना क्षेत्र में एक 8 साल के मासूम को सोते समय जहरीले कोबरा ने दो बार डसा, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं रन्नौद थाना क्षेत्र में अकाझिरी के पास नदी में आधा इंसानी शव मिलने से सनसनी फैल गई।
मनियर व सर्किट हाउस भ्रमण पर मगरमच्छ:
बीती रात शिवपुरी शहर की मनियर बस्ती की मुदगल कॉलोनी में रहने वाले बंटी सिंह ने रात 10 बजे देखा कि एक 6 फीट लम्बा मगरमच्छ उनकी गाड़ी के पास बैठा हुआ है। सूचना देकर रेस्क्यू टीम को बुलवाया, जो उसे सुरक्षित रेस्क्यू करके ले गई। वहीं रात के अंधेरे में शिवपुरी के सर्किट हाउस रोड की व्यवस्थाओं को देखने जा रहे एक बड़े मगरमच्छ का वीडियो भी वहां से गुजरने वाले लोगों ने बनाया है। ज्ञात रहे कि शिवपुरी में मगरमच्छों की भरमार हो गई है, तथा शहर के नालों पर कब्जे हो जाने की वजह से मगरमच्छ रास्ता भटक कर रिहायशी इलाकों में पहुंचकर आमजन के लिए बड़ा खतरा बने हुए हैं।
कंबल में छुपकर बैठा था कोबरा:
शिवपुरी जिले के इंदार थाना क्षेत्र के ग्राम धपोरा में रहने वाला 8 वर्षीय पुरुषोत्तम पुत्र अशोक आदिवासी अपने घर के तख्त पर सो रहा था। इसी बीच एक कोबरा सांप उसके बिस्तर में आ गया तथा उसने दो बार इस मासूम को डस लिया। कोबरा के काटने के साथ ही जब बालक की तबीयत बिगड़ी तो परिजन उसे लेकर बदरवास अस्पताल पहुंचे, जहां से उसे गुना रेफर कर दिया, लेकिन रात 2 बजे उसने दम तोड़ दिया। महत्वपूर्ण सवाल यह है कि बदरवास अस्पताल से उसे रेफर क्यों किया गया?, जबकि सर्पदंशंसे पीड़ित को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की अपील की जाती है, लेकिन अस्पताल वाले पीड़ित को रेफर करके उधर से उधर टहला क्यों रहे हैं?
नदी के मिला आधा शव:
शिवपुरी जिले के रन्नौद थाना क्षेत्र के ग्राम आकाझिरी के पास से निकली नदी में आज सुबह एक आधा इंसानी शव नजर आने से सनसनी फैल गई। कमर से नीचे का हिस्सा नदी में मिला, जबकि ऊपर का हिस्सा गायब था। आशंका जताई जा रही है कि शव को मगरमच्छ ने खा लिया होगा। साथ ही हत्या की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। अब जबकि शरीर का ऊपरी हिस्सा हो नहीं है तो फिर उसकी शिनाख्त कैसे होगी?, यह बड़ा सवाल है।




















