4 बच्चों की रहस्यमयी मौत पर खामोश स्वास्थ्य महकमा, कलेक्टर के प्रोटीन पाउडर पर हुआ सक्रिय

4 बच्चों की रहस्यमयी मौत पर खामोश स्वास्थ्य महकमा, कलेक्टर के प्रोटीन पाउडर पर हुआ सक्रिय
भाजपा प्रवक्ता धर्यवर्धन ने कसा स्वास्थ्य विभाग पर तीखा तंज, बच्चों की मौत पर उठाए सवाल
शिवपुरी। शिवपुरी शहर के कमलागंज में एक ही परिवार के तीन किशोर बेटे तथा हम्माल मोहल्ले के एक किशोर की मौत के बाद पीड़ित परिवार से मिलने शनिवार को भाजपा प्रवक्ता धर्यवर्धन शर्मा पहुंचे। दुःखी परिवार से बातचीत के बाद भाजपा प्रवक्ता ने सोशल मीडिया पर स्वास्थ्य विभाग पर तंज कसते हुए कहा कि चार बच्चों की रहस्यमयी बीमारी से हुई मौत के मामले में चुप्पी साधे बैठा स्वास्थ्य महकमा, कलेक्टर के बंगले पर एक्सपायरी प्रोटीन पाउडर पहुंचने पर सक्रिय हो गया था। इस घटनाक्रम को अफसोसजनक बताते हुए धर्यवर्धन शर्मा ने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है, ताकि बच्चों की मौत का असल कारण सामने आ सके, तथा दूसरे बच्चों को इस रहस्यमयी बीमारी से बचाया जा सके।
गौरतलब है कि कमलागंज में रहने वाले तनवीर के तीन बेटे थे, जो एक के बाद एक रहस्यमयी बीमारी की गिरफ्त में आकर दम तोड़ गए, जबकि तनवीर का भांजा भी उसी दौरान दुनिया छोड़ गया। इसके बाद भूपेंद्र शर्मा का इकलौता बेटा भी इंदौर में मेदांता हॉस्पिटल में दम तोड़ दिया था। इन सभी किशोर एवं युवा बच्चों की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए स्वास्थ्य महकमे के जिम्मेदारों ने कोई प्रयास नहीं किया, जबकि उनकी मौत से पहले जो लक्षण सामने आए, वो सभी एक समान रहे। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी और भी अधिक बढ़ जाती है कि आखिर इस रहस्यमयी बीमारी का पता लगाया जाए, ताकि फिर कोई बच्चा इस जानलेवा बीमारी का शिकार न हो जाए।
पीड़ित परिवार से मिलने के बाद व्यथित हुए भाजपा प्रवक्ता धर्यवर्धन शर्मा द्वारा सोशल मीडिया पर डाली गई पोस्ट में स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली को बेहद गैरजिम्मेदाराना बताया। शर्मा का कहना है कि कलेक्टर के बंगले पर एक्सपायरी प्रोटीन पाउडर पहुंच गया तो पूरा स्वास्थ्य विभाग न केवल अलर्ट होकर कार्यवाही के लिए ऐसे उतर आया, मानों कोई जंग जीत ली हो, जबकि यहां तो 4 बच्चों की जान चली गई। शर्मा ने कहा कि शिवपुरी के बाजार में रंग लगी सब्जिया, फल एवं अन्य खाद्य सामग्री बेची जा रही हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी अपनी कुर्सी से हिलते भी नहीं हैं। भाजपा प्रवक्ता ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के अलावा स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को भी अपनी पोस्ट टैग करके इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।




















