शराब के खिलाफ महिलाएं: अमोला के साजोर में पकड़ी कच्ची शराब, खोड में किया चक्काजाम

शराब के खिलाफ महिलाएं: अमोला के साजोर में पकड़ी कच्ची शराब, खोड में किया चक्काजाम
सरकार चलाने में बड़ा मददगार आबकारी विभाग, उसके खिलाफ उठने लगी अब आवाज
शिवपुरी। सरकार को चलाने में आबकारी विभाग से होने वाली आय सबसे बड़ी मददगार होती है, लेकिन अब शराब के खिलाफ महिलाओं ने आवाज बुलंद कर दी है। बीते मंगलवार को शिवपुरी के नया अमोला में शराब की दुकान में महिलाओं ने आग लगा दी थी, जबकि बुधवार को अमोला के साजौर ग्राम में बन रही कच्ची शराब की अड्डे पर महिलाओं ने छापा मारकर उसे तहस नहस के दिया। इसी क्रम में खोड क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ महिलाओं ने पिछोर रोड पर चक्काजाम कर दिया। इन घटनाओं के बाद शराब ठेकेदार से लेकर आबकारी विभाग की चिंता बढ़ी हुई है।
गौरतलब है कि जहरीली शराब से सागर के बंडा में दो दर्जन से अधिक लोगों की जान चली गई, जिसका सबसे बड़ा साइड इफेक्ट शिवपुरी जिले में नजर आ रहा है। शिवपुरी के अमोला थाना क्षेत्र के ग्राम साजौर में महिलाओं ने बुधवार को एक खेत पर बन रही कच्ची शराब बनाने वाले ठिकाने पर पहुंचकर वहां तोड़फोड़ कर दी। इस दौरान शराब बनाने वाले ठेकेदार के लोग भी मौके से जान बचाकर भाग निकले।
वहीं खोड चौकी के चंदावनी ग्राम पंचायत के ग्राम बैरागढ़ में हो रही शराब की अवैध बिक्री के खिलाफ आज दोपहर महिलाओं ने पिछोर रोड पर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलने पर खोड़ चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंच कर महिलाओं को आश्वासन दिया, तब कहीं जाकर चक्काजाम खुल सका। इन घटनाओं से शराब ठेकेदार चिंतित हैं तो वहीं आबकारी विभाग के अधिकारियों को भी समझ नहीं आ रहा कि सागर के साइंड इफेक्ट से शिवपुरी को कैसे बचाएं?।
कुछ महत्वपूर्ण सवाल:
अमोला के ग्राम साजौर में महिलाओं ने खेत पर बन रही कच्ची शराब की फैक्ट्री पकड़कर उसे तहस नहस कर दिया। जब यह जानकारी महिलाओं को थी, तो क्या आबकारी एवं पुलिस को यह सूचना नहीं थी?, या फिर उनकी मिलीभगत से ही यह कच्ची शराब बन कर बिक रही थी..??
खोड चौकी के बैरागढ़ गांव में शराब की अवैध बिक्री हो रही है। यह स्थिति केवल वहां की नहीं है, बल्कि पूरे जिले में हर गांव में कमीशन पर किराने की दुकानों पर शराब बिक रही है, जिसकी जानकारी आबकारी विभाग को भी है। शराब ठेकेदार एवं विभाग की सांठगांठ से अवैध अहाते चल रहे हैं, लेकिन अब जनता जाग चुकी है।




















