साइकिल पर स्टंट करने से छात्राओं की जगह पुलिस हुई इंप्रेस, निकाला जुलूस, भेजा जेल

साइकिल पर स्टंट करने से छात्राओं की जगह पुलिस हुई इंप्रेस, निकाला जुलूस, भेजा जेल
खनियाधाना नगर में स्कूली छात्राओं के सामने साइकिल से स्टंट का वीडियो हुआ था वायरल
शिवपुरी। सोशल मीडिया पर पिछले दिनों कुछ वीडियो वायरल हुए, जिसमें एक युवक स्कूल से लौट रहीं छात्राओं के सामने साइकिल से स्टंट करता हुआ नजर आ रहा था। युवक के इस स्टंट से भले ही छात्राएं इंप्रेस (आकर्षित) हुईं या नहीं, लेकिन पुलिस ने युवक को चिन्हित कर उसका बाजार से जुलूस निकालने के साथ ही जेल भेज दिया।
शिवपुरी जिले के खनियाधाना नगर में रहने वाला हीरा केवट नामक युवक उस समय साइकिल लेकर नगर की सड़कों पर निकला, जब छात्राएं ग्रुप में जा रहीं थीं। हीरा ने साइकिल का अगला पहिया उठाकर छात्राओं की तरफ मोड़ दिया, जिससे वो डर कर साइड से हो गईं। हीरा ने एक नहीं बल्कि कई स्टंट अलग-अलग छात्राओं के सामने बाजार में किए। उसके द्वारा साइकिल पर किए जाने वाले इस स्टंट का वीडियो बनाकर किसी ने वायरल के दिया। छात्राओं को रिझाने और उन्हें अपनी कला दिखाने वाले इस युवक का वीडियो जब वायरल हुआ, तो खनियाधाना पुलिस सक्रिय हुई।
खनियाधाना थाना प्रभारी संजय सिंह किरार ने युवक की पहचान करने के लिए टीम लगाई तो उसकी पहचान हीरा केवट के रूप में हुई। पुलिस ने युवक को पकड़कर पहले तो उसका खनियाधाना नगर में जुलूस निकाला, फिर उसके बाद उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश जेल भेज दिया।
दूसरे भी रहेंगे अब अलर्ट:
खनियाधाना नगर में साइकिल से स्टंट करने वाले हीरा केवट के खिलाफ हुई कार्यवाही से अब नगर के अन्य युवक भी अलर्ट हो गए, जो इस तरह की हरकतें करते थे। साथ ही पुलिस की इस कार्यवाही से नगरवासी भी खुश हैं, क्योंकि छात्राओं को परेशान करने वालों को सबक भी दिया है।




















