हद कर दी चोरों ने: कोलारस में ले गए थे कचरा गाड़ी, शिवपुरी के पीएम हाउस में भी की चोरी

हद कर दी चोरों ने: कोलारस में ले गए थे कचरा गाड़ी, शिवपुरी के पीएम हाउस में भी की चोरी
शव रखने वाले फ्रीजर के कंप्रेसर, कॉपर पाइप व स्टेबलाइजर ले गए चोर, शवों को सुरक्षित रखना हुआ मुश्किल
शिवपुरी। आम आदमी पीएम हाउस में जाने की हिम्मत नहीं कर पाता, लेकिन शिवपुरी के चोर उसमें से भी चोरी करने से परहेज नहीं कर रहे। बीती रात जिला अस्पताल के पीएम हाउस में रखे दो फ्रीजर के कंप्रेशर, कॉपर पाइप एवं स्टेबलाइजर चोर ले गए। जिससे अब शवों को सुरक्षित रखना मुश्किल हो रहा है।
गौरतलब है कि दो दिन पूर्व जिले के कोलारस कस्बे में घरों से कचरा इकठ्ठा करने वाली कचरा गाड़ी चोर उठा ले गए थे। जिसकी तलाश में कोलारस पुलिस जुटी हुई है। अब शिवपुरी जिला मुख्यालय पर चोरों ने पोस्टमार्टम हाउस में शवों को वातानुकूलित रखने के लिए उपयोग में आने वाले दो फ्रीजरों के कंप्रेशर एवं उसमें लगे कॉपर के पाइप तथा उन्हें संचालित करने वाला बिजली का स्टेबलाइजर चुरा लिया। गुरुवार को जब पीएम हाउस के कर्मचारियों ने जाकर देखा तो उक्त सभी सामग्री नदारद मिली।
नशेड़ियों की करतूत होने की आशंका:
शिवपुरी में तेजी से चल रहे नशे के कारोबार की गिरफ्त में बड़े पैमाने पर युवाओं सहित हर वर्ग का शख्स आ चुका है। नशे का आदी होने के बाद व्यक्ति पहले तो जेब का रुपया, फिर घर के सामान की चोरी तथा जब बुरी तरह लत लगने के बाद आसपड़ोस एवं दूसरी जगह पर भी चोरी करने से परहेज नहीं करता। नशेड़ियों की इन हरकतों का इसी बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि वो पीएम हाउस में घुसकर भी चोरी कर ले गए।
एसी के कॉपर पाइप भी हो चुके हैं चोरी:
कॉपर यानि तांबे के दाम कुछ अच्छे मिल जाते हैं, इसलिए चोरों की नजर अब एयर कंडीशनर के कॉपर पाइप पर लग चुकी है। पूर्व में कलेक्ट्रेट में मौजूद विभिन्न विभागों में लगे एसी के कॉपर पाइप चोरी होने के अलावा न्यायालय के पास भी इस तरह की चोरी हो चुकी है। इस बार तो चोरों ने हद ही कर दी, तथा पीएम हाउस में घुसकर कॉपर पाइप सहित अन्य सामान चुरा लिया।




















