स्वागत पोस्टरों के बीच माधव चौक पर लगाया सफाई कर्मचारियों ने धोखाधड़ी करने का बेनर

सात दिन से हड़ताल कर रहे सफाईकर्मियों ने पिछले तीन बार हुए समझौतों को बताया झूठा
शिवपुरी। सोमवार को शिवपुरी शहर में एक तरफ जहां स्वागत वंदन अभिनंदन हैके बैनर होर्डिंग लग रहे हैं, तो वहीं दूसरी ओर शहर के हृदय स्थल माधव चौक पर एक बैनर लटकाया गया। जिसमें हड़ताली सफाईकर्मियों ने अपनी मांगों को लिखने के साथ ही पिछले तीन बार हुए समझौतों को झूठा लिखा है। इस तरह शहर में स्वागत सत्कार के होर्डिंग के बीच लगाए गए इस बैनर ने नपा के जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया।
नगरपालिका शिवपुरी के सफाईकर्मियों की पिछले सात दिन से चल रही हड़ताल का असर अब बाजार एवं कॉलोनी मोहल्लों में नजर आने लगा। इस हड़ताल को खत्म कराने के लिए पिछले दिनों कर्मचारियों को नोटिस भी जारी किए गए थे, लेकिन उसका कोई असर हड़ताल पर नहीं हुआ और न ही कर्मचारी काम पर वापस लौटे। महत्वपूर्ण बात यह भी है कि वर्तमान परिषद के कार्यकाल में सबसे अधिक बार कर्मचारियों की हड़ताल हुई, तथा हर बार जिन समझौतोंके आधार पर हड़ताल खत्म की गई, उन सभी समझौतों को हड़ताली कर्मचारी झूठा बता रहे हैं। नपा के जिम्मेदार भी अपनी कार्यालयीन व्यवस्थाओं को सुधारने की बजाए अपनी जेब भरने में व्यस्त रहे, जिसके चलते आज हालात ऐसे बन गए कि नाराज कर्मचारी अब किसी भी आश्वासन पर भरोसा करने को तैयार नहीं है। यही वजह है कि अब कर्मचारी न तो धमकी से काम पर लौट रहे और न उन पर समझाइश का कोई असर हो रहा। अभी तक पिछली बार जब भी हड़ताल हुईं तो केंद्रीय मंत्री के आगमन से पूर्व हड़ताल खत्म कर युद्ध स्तर पर सफाई अभियान चलाया गया, लेकिन इस बार ऐसा कुछ नहीं हुआ, बल्कि स्वागत बैनरों के साथ हड़ताली कर्मचारियों ने अपनी मांगों का होर्डिंग लगा दिया।
घोटालेबाज नपा में लड़ रहे हक की लड़ाई:
भ्रष्टाचार के लिए कुख्यात नगरपालिका शिवपुरी में पदस्थ कर्मचारी उन घोटालों के भी गवाह है, जिसमें बिना काम के लाखों के भुगतान हो गए। अभी हाल ही में 14 लाख के जिम का सामान आने पर 38 लाख का भुगतान कर दिया गया। एक तरफ जहां नगरपालिका में कुछ लोग बिना काम के लाखों रुपए कमा रहे हैं, जबकि कर्मचारी अपनी मेहनत का भुगतान मांग रहे हैं। यही वजह है कि कर्मचारी अपने हक की लड़ाई हर स्तर पर लड़ने को तैयार हैं।




















