उदघाटन के दो माह बाद भी शुरू नहीं हो पाया बूढ़ाडोंगर में अदाणी ग्रुप का जैकेट उद्योग

बाहर लगा बोर्ड फटा, अंदर 150 मशीनें खा रहीं धूल, बिजली बनी अड़चन, कर्मचारी बोला: कोलारस में ट्रेनिंग ले रहीं महिलाएं
शिवपुरी से सैमुअल दास::
शिवपुरी जिले में अदाणी ग्रुप की आमद हो चुकी है। आगामी 5 जुलाई को प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शहर के पोलो ग्राउंड में अदाणी ग्रुप की डिफेंस मेन्युफेक्चरिंग उद्योग का भूमिपूजन करने शिवपुरी आ रहे हैं। अदाणी ग्रुप का यह दूसरा प्रोजेक्ट है, जबकि जैकेट उद्योग का उद्घाटन बीते 25 अप्रैल 2026 को केंद्रीय मंत्री सिंधिया, बदरवास के बूढ़ाडोंगर में कर चुके हैं। शुक्रवार को SD न्यूज ने अदाणी ग्रुप के जैकेट उद्योग को देखा तो वो ओपनिंग के दो माह बाद भी बंद पड़ा है।
देश को चलाने वाला अदाणी ग्रुप शिवपुरी जिले में करोड़ों का निवेश कर रहा है। दो माह पूर्व बदरवास के बूढ़ाडोंगर में सैकड़ों महिलाओं की मौजूदगी में अदाणी ग्रुप के जैकेट उद्योग का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया था। लेंस्किंग कंपनी ने टीनशेड टाइप इनफ्रास्ट्रक्चर तैयार करके इसमें 150 इलेक्ट्रिक सिलाई मशीन लगा दी हैं। इन मशीनों का उपयोग न होने से इन पर धूल चढ़ रही है। जैकेट उद्योग में छाई इस वीरानी के बीच एक कर्मचारी धर्मेंद्र पाल ने बताया कि बिजली की पर्याप्त सुविधा न होने की वजह से यह मशीनें बंद पड़ी हैं। इतना ही नहीं, धर्मेंद्र को अभी तक वेतन भी नहीं मिला है।
ज्ञात रहे कि बदरवास में रमेशचंद्र अग्रवाल ने बरसों पहले ही जैकेट उद्योग शुरू कर दिया था। जिसमें काम करने वाली महिलाएं पहले से ही एक्सपर्ट हैं। अब उन्हीं जैकेट को इलेक्ट्रॉनिक मशीनों से आकर्षक बनाकर अदाणी ग्रुप का लेबल लगा दिया जाएगा। इस उद्योग का उद्घाटन हुए 69 दिन गुजर गए, लेकिन अभी तक उसमें काम शुरू नहीं हो पाया। अब कोलारस में अडानी ग्रुप के डिफेंस मेन्युफेक्चरिंग उद्योग का भूमिपूजन 5 जुलाई को होने जा रहा है, तो वो कब शुरू होगा..?, यह तो भविष्य के गर्त में छुपा हुआ है।
हथियार उद्योग में कैसे मिलेगा रोजगार..?
कोलारस में शुरू होने वाले डिफेंस मेन्युफेक्चरिंग उद्योग में स्थानीय लोगों को रोजगार मिलने का दावा किया जा रहा है। जबकि इस तरह के उद्योग में तो टेक्नीकल लोगों की जरूरत रहेगी, यानि जो हथियार बनाने में एक्सपर्ट हों, तो ऐसे लोग शिवपुरी में कितने मिलेंगे.?। हां, यदि शिवपुरी पुलिस के रिकॉर्ड में हथियार बनाने वाली फैक्ट्री में पकड़े गए एक्सपर्ट लोग, (जो आरोपी बने हैं), उन्हें जरूर मौका दिया जाना चाहिए। क्योंकि वो पहले चोरी छुपे सीमित संसाधनों से हथियार बना रहे थे, अब उद्योग लगने से उन्हें आधुनिक मशीनों से हथियार बनाने का मौका मिलेगा।

दो माह पूर्व जिस अदाणी जैकेट उद्योग का हुआ उदघाटन, वो नहीं हुआ शुरू
रविवार को होगा सीएम का आगमन, कई रास्ते होंगे बंद, आमजन घर में रहकर लें छुट्टी का लुत्फ

ट्रैफिक पर प्रभारी ने बनाया रूट चार्ट, जिसमें भीड़ लाने वाली बसों के बताए पार्किंग ठिकाने
शिवपुरी। आगामी 5 जुलाई यानि रविवार को प्रदेश के मुखिया डॉ. मोहन यादव व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शिवपुरी के पोलो ग्राउंड में आ रहे हैं। उनके आगमन को लेकर शहर के मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक उनके आने से 1 घंटा पहले तथा कार्यक्रम समाप्ति के एक घंटे बाद तक बंद रहेगा। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में प्रभारी मंत्री को ट्रैफिक प्रभारी ने जो रूट चार्ट दिखाया है, उसमें केवल सीएम के कार्यक्रम में भीड़ लाने वाली यात्री बसों के आगमन व उनकी पार्किंग के स्थान बताए गए हैं। उसमें यह नहीं बताया कि शहर की जनता किन रास्तों से होकर आ-जा सकती है। ऐसे में हमारा तो यही कहना है कि रविवार की छुट्टी है, तो घर में ही रहकर दिन गुजारो, बाजार में निकले तो पुलिस रोकटोक करती रहेगी।
आगामी 5 जुलाई को जिला शिवपुरी में मुख्यमंत्री मप्र शासन डॉ.मोहन यादव का कार्यक्रम प्रस्तावित है. जिसको दृष्टिगत रखते हुए रविवार को शिवपुरी शहर की यातायात एवं मार्ग व्यवस्था इस प्रकार रहेगी::

  1. हवाई पट्टी से झांसी तिराहा, गुरुद्वारा, राजेश्वरी रोड, M M चौराहा तक ये रास्ता मुख्यमंत्री के आगमन से 1 घंटे पूर्व एवं कार्यक्रम समाप्ति से 1 घंटे बाद तक यह रास्ता सुरक्षा की दृष्टि से आमजन के लिए डाइवर्ट रखा जाएगा। इस मार्ग पर चार पहिया वाहन एवं भारी वाहन बंद रहेंगे।
  2. कोलारस- बदरवास से आने वाली बसें गुना नाका,पोहरी चौराहा, स्टार गोल्ड होटल के सामने से विवेकानंद रोड होते हुए गांधी पार्क एवं रेलवे ग्राउंड में पार्क की जाएगी।
  3. करेरा, पिछोर की तरफ से आने वाली सभी बसें कर्बला, दो बत्ती,करौंदी सम्पबेल,ग्वालियर बायपास,स्टार गोल्ड होटल के सामने से विवेकानंद कॉलोनी होते हुए गांधी पार्क में पार्क की जाएंगी।
  4. पोहरी, सतनवाड़ा, सुभाषपुरा की ओर से आने वाली बसें कटमई तिराहा होते हुए ग्वालियर बायपास स्टार गोल्ड होटल के सामने से विवेकानंद कॉलोनी होते हुए गांधी पार्क में पार्क की जाएंगी। जिले से आने वाली सभी बसें गांधी पार्क एवं रेलवे ग्राउंड में पार्क की जाएगी।
  5. करेरा, पिछोर, सतनवाड़ा, सुभाषपुरा की ओर से आने वाले सभी चार पहिया वाहनों की पार्किंग पुरानी अनाज मंडी कस्टम गेट पर रखी गई है।
  6. कोलारस,बदरवास एवं पोहरी की ओर से आने वाले सभी चार पहिया वाहनों की पार्किंग पुलिस परेड ग्राउंड में रखी गई है।
  7. वीआईपी पार्किंग पोलो ग्राउंड मंच के दाहिने तरफ की गई है। बारिश की स्थिति में यह पार्किंग कलेक्टर रोड पर की जाएगी।
    नोट:आपातकालीन सेवा से जुड़े वाहन जैसे एम्बुलेंस फायर ब्रिगेड एवं कोई भी मरीज उसे इन रास्तों पर जाने से नहीं रोका जाएगा।
    जिले भर से भीड़ लाने की तैयारी:
    ट्रैफिक प्रभारी रणवीर यादव द्वारा आज जो रूट चार्ट जारी किया है, उसमें चारों दिशाओं से भीड़ लेकर आने वाले वाहनों की पार्किंग व्यवस्था बताई गई है। इससे यह स्पष्ट है कि शिवपुरी शहर की जनता इस कार्यक्रम में आएगी, इसका भरोसा नेताओं के अलावा प्रशासन को भी नहीं है, इसलिए पूरे जिले से भीड़ लाने की तैयारी है।
ऊपर बनाया गया रूट चार्ट, नीचे के फोटो में प्रभारी मंत्री को जानकारी देते ट्रैफिक प्रभारी