मुख्य बाजार कोर्ट रोड पर कब्जा करने के लिए नाली को दुकानदारों ने अपने हिसाब से घुमाया

नाली तय करती है सड़क की चौड़ाई, शिवपुरी के मैन बाजार में हुए अतिक्रमण पर साधी जिम्मेदारों ने चुप्पी
शिवपुरी। शहर का मुख्य बाजार कोर्ट रोड (जिसे कभी आदर्श सड़क बनाने का दावा किया गया) पर दुकानदारों ने कब्जा करने के लिए नाली को अपने हिसाब से मोड़ दिया। स्थिति यह है कि कहीं पर नाली 10 फीट पीछे है, तो कहीं पर 15 फीट आगे तक बढ़ा दी गई। नाली की यह दिशा नगरपालिका ने नहीं, बल्कि कब्जा करने वाले दुकानदारों ने अपने हिसाब से बदली है।
ज्ञात रहे कि किसी भी सड़क की चौड़ाई उसके किनारे बनी नालियों से तय की जाती है। शिवपुरी शहर में दुकानदारों ने सड़क की जमीन पर कब्जा करने के लिए नालियों को ही घुमा दिया। अभी हाल ही में पोहरी रोड पर सड़क के दोनों तरफ बनाई गई नालियों में दुकानदारों से सांठगांठ करके नाली को मनमाने अंदाज में घुमाकर कब्जे के लिए जगह छोड़ दी गई, क्योंकि एक बार नाली बन गई तो फिर वहां तक की जमीन पर दुकानदार का अघोषित कब्जा हो जाता है। ऐसा ही कुछ शिवपुरी शहर के मुख्य बाजार कोर्ट रोड पर भी किया गया है।
कोर्ट रोड पर दुर्गा टॉकीज के सामने दुकानों के किनारे से नाली चंद्रा फुलझड़ी, गर्ग किराना से होकर आगे गई है। इसके बाद नाली को लगभग 40 डिग्री के एंगल पर सड़क की तरफ घुमाकर दुकान को लगभग 10 फीट आगे बढ़ा दिया गया। चूंकि यहां पर सड़क की चौड़ाई काफी अधिक है, इसलिए खंडेलवाल हार्डवेयर सहित अन्य दुकानदारों ने नाली को घुमाकर अपनी दुकान को सड़क पर और आगे तक बढ़ा लिया। इसके बाद यह नाली आश्चर्यजनक रूप से फिर पीछे की ओर घूमकर दुकानों के आगे से होकर आगे बढ़ गई। महत्वपूर्ण बात यह है कि यदि बाजार में खड़े होकर भी कोई इस नाली के घुमाव-फिराव को देखेगा तो उसे बिना चश्मे के हो मुख्य बाजार पर किया गया कब्जा स्पष्ट नजर आ जाएगा। बावजूद इसके न जाने क्यों, जिम्मेदार एजेंसियों के कर्ताधर्ता चुप्पी साधे बैठे हैं।




















